असहाय महिलाओं का होगा अपना घर
नारायणपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों की 44 असहाय महिलाओं का अपना घर होगा।
संवाद सहयोगी, मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : नारायणपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों की 44 असहाय एवं विधवा महिलाओं को डॉ. भीम राव आंबेडकर आवास योजना का लाभ मिलेगा। ऐसी महिलाओं की सूची तैयार कर जिला कार्यालय को भेजी गई है। उपायुक्त से स्वीकृति मिलते ही इन महिलाओं को पीएम आवास योजना की तर्ज पर पक्का आवास बनाने की राशि मिल जाएगी।
बीडीओ महेश्वरी प्रसाद यादव के मुताबिक वैसी असहाय महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा, जो अपने कंधे पर घर संसार की जिम्मेदारी लिए हैं। उनकी स्थिति काफी दयनीय है। बीडीओ ने बताया कि ऐसी विधवा महिलाएं भी हैं जिनका नाम सेक डाटा में नहीं है और उनका पक्का मकान नहीं है। उन्हें पीएम आवास का लाभ नहीं मिल सकता। इसलिए सरकार ने इनकी समस्या को देखते हुए डॉ. भीम राव अम्बेडकर आवास योजना दी है। इस योजना से असहाय महिलाओं का पक्के मकान में रहने का सपना साकार होगा।
- पारदर्शिता के साथ लाभुकों का चयन : डॉ. भीमराव आंबेडकर आवास योजना के लाभुकों के चयन के लिए प्रखंड कार्यालय से दो बार जांच करवाई गई। बीडीओ ने पंचायतों से सूची प्राप्त कर इसकी जांच अभियंता व पर्यवेक्षक से करायी। भौतिक सत्यापन के बाद सूची जिला को भेजी गई।
डीसी स्तर से भी होगी जांच : प्रखंड कार्यालय से भेजी गई लाभुक की सूची की स्वीकृति आनन-फानन में नहीं होगी। बल्कि एक-एक लाभुक के घर की जांच जिला स्तरीय टीम करेगी। जो योजना के दायरे में आएंगे उन्हें योजना का लाभ त्वरित मिलेगा।
इन्हें भी मिलेगा लाभ: वज्रपात, बाढ़, भूस्खलन एवं सड़क दुर्घटना के शिकार परिवारों को भी डॉ. भीम राव आंबेडकर आवास योजना का लाभ मिलेगा। यदि उक्त परिवार को दूसरे विभाग की योजना से किसी प्रकार का लाभ मिला है तब उन्हें इस योजना में लाभ के दायरे से बाहर रखा जाएगा।