आयुष्मान भारत से 10 करोड़ परिवार को मिलेगा लाभ
जामताड़ा प्रखंड के सुपाईडीह गांव में आदिवासी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की बैठक में मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनी ।
जामताड़ा : जामताड़ा प्रखंड के सुपाईडीह गांव में आदिवासी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की बैठक में भाजपा नेता वीरेन्द्र मंडल ने गांव के मांझी हड़ाम, नाइकी हड़ाम को धोती-पगड़ी देकर सम्मानित किया। मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनी व मौके पर ही संबंधित विभाग के वरीय पदाधिकारियों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा आदिवासियों के कल्याण एवं विकास के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने आदिवासियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। कहा कि भाजपा सरकार 2022 तक सभी को घर देगी, लोग इसका लाभ लें।
वर्तमान सरकार में गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़ा सभी को सरकार की योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, शौचालय आदि का सीधे लाभ दिया जा रहा है। बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 सितंबर को झारखंड से केंद्र की आयुष्मान भारत राष्ट्रीय स्वास्थ्य संरक्षण योजना का शुभारंभ करेंगे। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि पीएम विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का झारखंड से शुभारंभ करेंगे। इसके तहत मोदी सरकार देश के 10 करोड़ परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा का लाभ उपलब्ध कराएगी। बता दें कि यह योजना पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है।
इस योजना के तहत सरकार ने 10,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। गरीबी रेखा से नीचे के 10 लाख परिवार को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। मौके पर भाजपा नेता का ग्रामीणों ने स्वागत किया। आदिवासी मोर्चा के जिलाध्यक्ष निर्मल सोरेन, आदिवासी नेता संजय मुर्मू, मांझी हड़ाम मैनेजर मुर्मू, हेनोलाल मुर्मू, निर्मल मुर्मू, देवीलाल सोरेन, बिनोद मुर्मू सहित काफी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।