अफवाह फैलानेवालों की खैर नहीं
दुर्गापूजा के लिए गुरुवार को केंद्रीय शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता,जामताड़ा : दुर्गापूजा के लिए गुरुवार को केंद्रीय शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर दिया। उपायुक्त गणेश कुमार ने कहा कि अधिकाधिक युवाओं को शांति समिति से जोड़ें और उन्हें जिम्मेदारी से अवगत कराएं। युवाओं को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी चाहिए। अफवाह फैलानेवालों की खैर नहीं। एसजीएसवाई सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई।
डीसी ने कहा कि केंद्रीय शांति समिति व्हाट्सएप ग्रुप में सभी क्षेत्र के लोगों को जोड़ें ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान त्वरित गति से हो। बेहतर काम करने वालों के नाम का सुझाव देने को कहा ताकि केंद्रीय शांति समिति की अगली बैठक में उन्हें सम्मानित किया जा सके। किसी प्रकार का अफवाह से संबंधित मैसेज या वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने वालों को चिह्नित करें। ऐसे लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई होगी। घटना पर पुलिस या कंट्रोल रूम को सूचित करें। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती होगी। इससे संबंधित रोड मैप जिला प्रशासन तैयार कर रहा है। इसमें स्वयंसेवकों को भी लगाया जा सकता है लेकिन इसके लिए पहचान पत्र निर्गत करना और उसकी जिम्मेदारी भी तय करना होगा।
अराजक तत्वों पर प्रशासन के साथ समिति के सदस्य भी घ्यान रखें। बिजली, पानी, सुरक्षा, चिकित्सा सेवा, शराब बिक्री पर विशेष निगरानी को प्रशासन चौकस है। जसभी पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया। डीएसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा में शराब की बिक्री पर नियंत्रण किया जाएगा। डीएसपी ने पंडाल में शराब नहीं पीने और शपथ ग्रहण का फोटो भेजने का निर्देश दिया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती दीपिका बेसरा, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संतन मिश्रा, मिहिजाम नगर पर्षद अध्यक्ष कमल गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सुधीर कुमार,रफीक अनवर,इरशादूल हक अरसी,दिनेश यादव आदि थे।