राज्य में 38 फीसद विवाहिता की कम उम्र में हुई शादी
बाल विवाह को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में लोगों को बाल विवाह से होने वाले अभियान को लेकर जानकारी दी जाएगी। सभी माता-पिता और समुदाय को प्रेरित किया जाएगा कि अभिभावक कम उम्र में अपनी बेटियों का विवाह न करें।
जागरण संवाददाता,जामताड़ा : बाल विवाह को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में लोगों को बाल विवाह से होने वाले अभियान को लेकर जानकारी दी जाएगी। सभी माता-पिता और समुदाय को प्रेरित किया जाएगा कि अभिभावक कम उम्र में अपनी बेटियों का विवाह न करें। साथ ही बच्चों को शिक्षा प्राप्ति के लिए प्रोत्साहित करें। शुक्रवार को डीसी कार्यालय परिसर से बाल विवाह उन्मूलन जागरूकता रथ को झंडी दिखाकर रवाना करते हुए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने ये बातें कही।
उपायुक्त ने कहा कि उजाले की ओर बिटिया के दौड़ कार्यक्रम, बाल विवाह उन्मूलन के लिए उमंग कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक अभियान का आरंभ हुआ। डीसी ने कहा कि माता-पिता जागरूक बनें तथा लड़कियों की शादी 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर ही करें। कहा कि यह अभियान किशोरियों की शिक्षा प्राप्ति के महत्व और उससे जुड़े जीवन में आने वाले सकारात्मक परिणामों को उल्लेख व बाल विवाह के कुपरिणामों पर भी प्रकाश डालेगा।
कम्यूनिकेशन कॉर्डिनेटर ने कहा कि झारखंड में प्राथमिक और उच्च कक्षाओं में किशोरियों का विद्यालय छोड़ देना और विद्यालय तक पहुंच नहीं पाना बाल विवाह को बढ़ावा देने में मुख्य चिता का विषय है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (एनएफएचएस) के अनुसार, झारखंड में 38 प्रतिशत विवाहित 20-24 वर्ष की महिलाओं की शादी 18 साल से पहले हो चुकी है, जो कि देश के बाल विवाह दर 27 प्रतिशत से भी ज्यादा है। बताया कि गोड्डा जिले में बाल विवाह की दर 63.5 प्रतिशत है जो झारखंड में सर्वाधिक है वहीं जामताड़ा जिले में 43.9 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि जामताड़ा में 45 प्रतिशत किशोरों (18 साल से कम उम्र) का बाल विवाह हो चुका है। कहा कि माध्यमिक विद्यालयों में केवल 40 प्रतिशत लड़कियां पढ़ रही है। उच्च कक्षाओं में यह दर और कम होकर सिर्फ 20 प्रतिशत ही रह जाता है। अभियान लगभग 50 दिनों तक जिले के नाला व जामताड़ा प्रखंड में विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से चलाया जाएगा। अभियान गोड्डा प्रखंड में 96 स्थानों और माहगामा प्रखंड में 55 स्थानों पर संचालित किया जाएगा। जिले के नाला और जामताड़ा प्रखंड के 46 स्थानों में भी अभियान होगा। इस मौके पर अपर समाहर्ता सुरेन्द्र कुमार,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, नसरीन जमाल, शक्ति घोष, विनीत झा, त्रिलोकी नाथ आदि उपस्थित थे।