केरल से आज जामताड़ा पहुंचेंगे 338 प्रवासी मजदूर
जामताड़ा शुक्रवार को केरल से आ रहे जिले के 338 प्रवासी मजदूरों को जिला मुख्यालय लाने के
जामताड़ा : शुक्रवार को केरल से आ रहे जिले के 338 प्रवासी मजदूरों को जिला मुख्यालय लाने के लिए उपायुक्त गणेश कुमार ने दो दंडाधिकारी को प्रतिनियुक्त करते हुए सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया। केरल से शुक्रवार को विशेष ट्रेन से धनबाद स्टेशन पहुंचने से पूर्व दोनों दंडाधिकारी को पुलिस पदाधिकारी व बल के साथ पहुंचने को कहा गया। इसके लिए सिचाई प्रमंडल के सहायक अभियंता मृत्युंजय सिंह मुंडा व कनीय अभियंता आसिफ रजा को बतौर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। उपायुक्त ने एसपी को भी पुलिस पदाधिकारी व बलों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा है। दण्डाधिकारी धनबाद पहुंचने के बाद सबसे पहले प्रवासी मजदूरों का विहित प्रपत्र में प्रखंड वार विवरणी संधारित करने के बाद तत्काल वाट्सएप के माध्यम से गोपनीय शाखा, जिला परिवहन पदाधिकारी, सिविल सर्जन तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को सूचित करेंगे। इसमें नाला प्रखंड के लिए जनसेवक विश्वजीत दुबे व कुंडहित के लिए कनीय अभियंता किशोर किस्कू से समन्वय स्थापित कर प्रखंड के मजदूरों व अन्य लोगों को गंतव्य तक पहुंचाएंगे। डीसी ने सिविल सर्जन को भी आगन्तुकों की स्क्रीनिग व स्वास्थ्य जांच करने के लिए चिकित्सक टीम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। जबकि जिला परिवहन पदाधिकारी को एक छोटे वाहन व प्रवासी मजदूरों को लाने के लिए 13 बड़ी बस उपलब्ध कराने व सिविल सर्जन से समन्वय स्थापित कर उक्त सभी वाहनों की यात्रा से पूर्व व यात्रा के उपरांत सैनिटाइज करने को गया है।