पुरुलिया के अयोध्या पहाड़ डैम में डूबा जमशेदपुर के बारीडीह का युवक, मौत Jamshedpur News
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के अयोध्या पहाड़ डैम में डूबने से सिदगोड़ा थाना क्षेत्र बारीडीह के युवक प्रतीक कुमार (28) की मौत हो गई। प्रतीक दोस्तों संग पिकनिक मनाने गया था।
जमशेदपुर, पुरुलिया, जेएनएन। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के अयोध्या पहाड़ डैम में डूबने से सिदगोड़ा थाना क्षेत्र बारीडीह के युवक प्रतीक कुमार (28) की बुधवार शाम मौत हो गई। प्रतीक समेत छह साथी बारीडीह के विनीत का जन्मदिन मनाने लग्जरी कार से गए थे। रात आठ बजे पुलिस ने युवक का शव बाहर निकलवाया।
मृतक के पिता तारकेश्वर मल एनटीटीएफ, गोलमुरी (नेट्टूर टेक्निकल ट्रेनिंग फाउंडेशन) के ब्वायज हॉस्टल के वार्डेन है। इंडियन नेवी में चीफ मैकेनिकल इंजीनियर पद से सेवानिवृत है। परिवार बारीडीह में रहता है। पुरुलिया से शव लेकर परिजन देर रात जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए है। प्रतीक बॉडी बिल्डिंग चैंपियन रह चुका है। उसकी एक बहन है। जिसकी शादी हो चुकी है। वह एकलौता पुत्र था।
मलेशिया से आए मित्र विनीत का जन्मदिन मनाने गए थे सभी साथी
सिदगोड़ा के एनटीटीएफ, बारीडीह के हॉस्टल का विनीत कुमार मलेशिया में रहता है। वह शहर आता-जाता रहता है। बुधवार को उसका जन्मदिन था। आदित्य, शुभम, विनित, तरुण, रोहित और प्रतीक (उम्र 25 से 28 के बीच) कार से अयोध्या हिल्स जन्मदिन मनाने पहुंचे। वहां मौज-मस्ती की। पानी में सभी अठखेलियां कर रहे थे। इस बीच प्रतीक कुमार अचानक पानी में डूब गया। परेशान सहयोगी पुरुलिया जिले के बाघमुंडी थाना पहुंचे। इसकी जानकारी दी। बाघमुंडी थाना प्रभारी रजत चौधरी ने बताया कि डैम में स्नान करना प्रतिबंध है, लेकिन प्रतीक समेत छह युवक पानी के डेंजर जोन में चले गए। प्रतीक की डूबने से मौत हो गई। उसके सहयोगियों से पूछताछ की गई। कार सिदगोड़ा थाना क्षेत्र बारीडीह निवासी अरविंद पांडेय की है।