बीस फीट की ऊंचाई पर पेड़ से लटकता मिला युवक का शव
पूर्वी सिंहभूम के साकची थाना इलाके में एक पेड़ से लटकता युवक का शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जमशेदपुर (जेएनएन)। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के साकची थाना में गुरुवार को एक फोन कॉल से पुलिस के बीच हड़कंप मच गया। किसी ने साकची थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा को दोपहर करीब डेढ़ बजे सूचना दिया कि थाना के पीछे गरमनाला रोड में एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका हुआ है।
सूचना पाते ही साकची थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव पेड़ पर करीब 20 फीट की उंचाई पर थी। पुलिस के समक्ष शव को उतारने की चुनौती बन रही थी, क्योंकि शव सड़क से करीब 20 मीटर की दूरी झाड़ीनुमा स्थल जहां चारों ओर कचरा का अंबार के बीच पीपल के पेड़ पर लटका था। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम के क्रेन चालक अंजना नंदन पांडेय को बुलाया गया। इसके बाद रस्सी के सहारे शव को पेड़ से नीचे उतारा गया।
पूछने पर साकची थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा ने बताया कि शव किसी अज्ञात युवक 35 वर्ष का है। शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि युवक का शव शर्ट के सहारे लटका हुआ था। उसके पास से एक सिगरेट, माचिस, खैनी, तथा बिना सीम लगा मोबाइल मिला है।
पुलिस मोबाइल में दूसरा सीम लगाकर मोबाइल को चेक कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किसी का नंबर निकल जाए। पुलिस तो फिलहाल आत्महत्या का मामला ही बता रही है, लेकिन जिस प्रकार शव 20 फीट की उंचाई पर थी। इससे प्रश्न उठ रहा है कि कोई अंजान व अज्ञात व्यक्ति इतनी उंचाई पर शर्ट के सहारे कैसे खुद फांसी से लटक सकता है। यही नहीं पुलिस मृतक के पास मोबाइल तो मिला, लेकिन उसमें सीम नहीं था।
शव को देखने के लिए लगी भीड़
साकची से बिष्टुपुर जाने वाले रास्ते गरमनाला के पास पीपल के पेड़ पर मिले शव को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग शव को देखने के लिए पहुंचे। भीड़ भीड़ के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन चुकी थी। यही नहीं जब पुलिस शव को उतार कर ले गए उसके आधे घंटे बाद तक लोग पेड़ को निहारते रहे।