विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिनदहाड़े अपहरण : आदित्यपुर के आशियाना चौक से कार सवार युवक को जबरन ले गए हथियारबंद अपराधी

Published: Mon, 14 Sep 2026 07:48 PM (IST)

आदित्यपुर के आशियाना चौक पर दिनदहाड़े एक युवक अल्ताफ का हथियारबंद बदमाशों ने अपहरण कर लिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

हथियारबंद बदमाशों ने व्यस्त सड़क पर वारदात को अंजाम दिया और युवक को अपनी गाड़ी में जबरन बैठाकर फरार हो गए।

हथियारबंद बदमाशों ने व्यस्त सड़क पर वारदात को अंजाम दिया और युवक को अपनी गाड़ी में जबरन बैठाकर फरार हो गए।

HighLights

  1. आदित्यपुर के आशियाना चौक पर दिनदहाड़े अपहरण।

  2. हथियारबंद बदमाशों ने युवक अल्ताफ को जबरन अगवा किया।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी है।

संसू, आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्ततम आशियाना चौक पर सोमवार शाम दिनदहाड़े एक युवक के कथित अपहरण से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 
 
हथियारबंद बदमाशों ने व्यस्त सड़क पर वारदात को अंजाम दिया और युवक को अपनी गाड़ी में जबरन बैठाकर फरार हो गए। अपहृत युवक की पहचान कोलाबिरा के बालीजगुमा निवासी अल्ताफ के रूप में की गई है।
 

सरेराह कार से खींचकर ले गए बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, चार से पांच की संख्या में अज्ञात युवक काले रंग की एक गाड़ी से आशियाना चौक पहुंचे थे। 
 
चौक पर उन्होंने अल्ताफ की सफेद रंग की कार (JH05CE-5447) को रोका और उसे जबरन बाहर निकाल लिया। इसके बाद आरोपी अल्ताफ को अपनी गाड़ी में बैठाकर तेजी से गम्हरिया की तरफ भाग निकले।
 

मामा ने लगाया गनपॉइंट पर अगवा करने का आरोप

अपहृत युवक के मामा अफसर अली ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने अल्ताफ को हथियार (पिस्तौल) के बल पर अगवा किया है। 
 
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।
 

जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे

घटना के बाद पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की गाड़ी के नंबर और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। 
 
फिलहाल युवक को ले जाने वाले लोगों की पहचान और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
 
जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी कि यह विशुद्ध रूप से अपहरण का मामला है या इसके पीछे कोई आपसी विवाद अथवा अन्य वजह शामिल है।