Mob Lynching : बच्चा चोर के संदेह में युवक को पकड़ा, फिर किया कुछ ऐसा Jamshedpur News
शनिवार को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र भुइयांडीह कानू भट्टा में एक युवक नदी की और भाग रहा था। उसे भागते देख लोगों को उसके बच्चा चोर होने का संदेह हुआ।
जागरण संवाददाता (जमशेदपुर) : न जाने लोगों को क्या हो गया है। तमाम जागरूकता अभियानों के बावजूद भीड़ कभी भी किसी की भी जान लेने पर तुल जा रही है। केवल संदेह और अफवाह के आधार पर। बस्ती इलाकों में बच्चा चोर संदेह में भीड़ किसी की भी पिटाई कर दे रही है।
शनिवार को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र भुइयांडीह कानू भट्टा में एक युवक नदी की और भाग रहा था। उसे भागते देख लोगों को उसके बच्चा चोर होने का संदेह हुआ। फिर क्या था। भीड़ ने उसे पकड़ लिया। लोग उसे ले आए और कमरे में बंद कर उसकी पिटाई करने लगे। वह तो संयोग अच्छा था कि किसी जागरूक नागरिक ने समय रहते पुलिस को सूचना दे दी।
इस बीच सीसीआर पुलिस मौके पर पहुंच गई और भीड़ से घिरे युवक को छुड़ा थाना ले गई। इतने पर युवक की जान लेने पर उतावली भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पुलिस व युवक के पीछे-पीछे भीड़ भी थाना पहुंच गयी। वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी धैर्य से काम लिया और लोगो को किसी तरह शांत कराया। लोगो का आरोप था कि युवक पहले भी जेल जा चुका है। उसकी जांच की जाय। मालूम हो कि इससे पहले बागबेड़ा ओर गोलमुरी मे चोर के संदेह में युवको की पिटाई कर दी गयी।
पूर्वी सिंहभूम जिले की पुलिस की ओर से लगातार बच्चा चोर को लेकर अफवाह फैलानेवालों से सतर्क रहने को कहा जा रहा है। अफवाहों को रोकने को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।जगह-जगह जागरूकता के लिए पोस्टर चस्पां किए जा रहे हैं। इसके बावजूद लोग हर किसी को संदेह की नजर से देख रहे हैं और संदेह के आधार पर किसी को बांधकर पीटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।