विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

XLRI में शोक की लहर: बिजनेस मैनेजमेंट के छात्र की अचानक बिगड़ी तबीयत, स्वर्णरेखा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

Published: Sat, 26 Sep 2026 10:59 PM (IST)

जमशेदपुर के प्रतिष्ठित एक्सएलआरआई संस्थान के बिजनेस मैनेजमेंट के छात्र ओम पोद्दार का शनिवार को तीव्र अस्थमा अटैक से निधन ...और पढ़ें

छात्र को अचानक तीव्र अस्थमा अटैक आया था, जो जानलेवा साबित हुआ।

छात्र को अचानक तीव्र अस्थमा अटैक आया था, जो जानलेवा साबित हुआ।

HighLights

  1. तीव्र अस्थमा अटैक के कारण जानलेवा साबित हुआ।

  2. स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार।

जासं, जमशेदपुर। देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई (XLRI) जमशेदपुर के बिजनेस मैनेजमेंट (बीएम) द्वितीय वर्ष के छात्र 21 वर्षीय ओम पोद्दार का शनिवार को असामयिक निधन हो गया। 
 
संस्थान प्रबंधन के अनुसार, छात्र को अचानक तीव्र अस्थमा अटैक (दमा का दौरा) आया था, जो जानलेवा साबित हुआ। घटना के बाद शनिवार दोपहर परिजनों की मौजूदगी में स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
 
मूल रूप से कोलकाता निवासी ओम पोद्दार जमशेदपुर स्थित XLRI परिसर के हॉस्टल में रहकर उच्च प्रबंधन की पढ़ाई कर रहे थे। संस्थान से मिली जानकारी के मुताबिक, वे पहले से ही अस्थमा की बीमारी से पीड़ित थे। 
 
शनिवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई होने लगी। तबीयत बिगड़ते ही उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उनका निधन हो गया।
 
छात्र के निधन की खबर मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने कोलकाता में उनके परिजनों से तुरंत संपर्क किया। दोपहर में परिजन जमशेदपुर पहुंचे, जहां बेटे का पार्थिव शरीर देखकर वे बिलख पड़े।
 
दोपहर लगभग तीन बजे परिजनों, XLRI प्रबंधन के प्रतिनिधियों और साथी विद्यार्थियों की मौजूदगी में स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। एक होनहार साथी को इस तरह अचानक खो देने से पूरे XLRI परिसर में गहरा शोक व्याप्त है।