गुदड़ी के लाल का श्रीलंका में धमाल, झटके दो स्वर्ण
श्रीलंका में चल रहे साउथ एशियन गेम्स में पश्चिम सिंहभूम के दो गरीब युवाओं ने कुश्ती में गोल्ड जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है।
रमेश ¨सह, मनोहरपुर (प.सिंहभूम) : श्रीलंका में चल रहे साउथ एशियन गेम्स में पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के प्रकाश पांडे व मो. सैफ अंसारी ने कुश्ती में दो स्वर्ण पदक हासिल किया है। 23 वर्षीय प्रकाश पांडे बाइक मिस्त्री और 20 वर्षीय मो. सैफ अंसारी पंक्चर बनाने का काम करते हैं। यह प्रतियोगिता श्रीलंका के कोलम्बो शहर में 25 से 27 अगस्त तक आयोजित की गई थी।
प्रकाश पांडे कुश्ती के 86 किलोग्राम वर्ग में पहले पाकिस्तान फिर भूटान के बाद सेमीफाइनल में नेपाल को हराकर फाइनल में श्रीलंका के पहलवान से भिड़े। श्रीलंका के खिलाड़ी को पछाड़ कर स्वर्ण पदक हासिल कर लिया। वहीं मो. सैफ अंसारी कुश्ती के 57 किलोग्राम वर्ग में पहले नेपाल फिर भूटान के बाद सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में श्रीलंका के खिलाड़ी से भिड़े। उन्होंने श्रीलंका के पहलवान को पछाड़ कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
---------
मनोहरपुर प्रखंड के रहने
वाले हैं दोनों खिलाड़ी
नंदपुर गांव के डोंगाकाटा, पंजाबीसाई निवासी प्रकाश पांडे और मनोहरपुर मीर मोहल्ला निवासी मो. सैफ अंसारी ने हाल ही में भारतीय खेल बोर्ड द्वारा हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में आयोजित तीसरे नेशनल इंटर स्टेट चैंपियनशिप 2018-19 में कुश्ती में क्रमश: गोल्ड व रजत पदक हासिल किया था। हिमाचल में झारखंड की पताका फहराने के बाद भारतीय खेल विकास बोर्ड द्वारा श्रीलंका के कोलंबो में जयराज फेरनंदोपुले इंडोर स्टेडियम में 25 से 27 अगस्त तक आयोजित सेकेंड साउथ एशियन गेम के लिए दोनों चयनित किए गए थे। दोनों 20 अगस्त को मनोहरपुर से 18189 अप एलेप्पी ट्रेन से चेन्नई के लिए रवाना हुए थे। वहां से 23 अगस्त को श्रीलंका के लिए रवाना हुए। परिजन और दोस्तों को उम्मीद थी कि वे अच्छा प्रदर्शन कर भारत व झारखंड के लिए पदक लाएंगे।
------
एक है बाइक मिस्त्री तो
दूसरा पंक्चर बनानेवाला
मनोहरपुर प्रखंड के नंदपुर डोंगाकाटा, पंजाबिसाई टोला के रहने वाले प्रकाश पांडे पेशे से बाइक मिस्त्री हैं। मनोहरपुर ब्लॉक चौक के पास अपने भाई सूरज पांडे के साथ बाइक गैराज चलाते हैं। मैकेनिक का काम करते हैं। वहीं मो. सैफ अंसारी मनोहरपुर ब्लॉक चौक के पास अपने पिता के साथ वाहनों का पंक्चर बनाने का काम करते हैं। दोनों खिलाड़ियों ने हिमाचल में इसी वर्ष 16 से 19 जुलाई तक आयोजित तीसरे अंतरराज्यीय खेल में झारखंड की ओर से कुश्ती में हिस्सा लिया था।