नारी बनी ज्वाला, यहां मयखानों पर लटका ताला; महिलाओं ने छेड़ा नशाबंदी अभियान
Fight against corona. कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए महिलाओं ने यहां नशाबंदी अभियान छेड़ रखा है। महिलाओं का समूह दारू व हडि़या भट्ठियों पर धावा बोलकर उसे ध्वस्त कर रहा है।
मनोहरपुर (पश्चिमी सिंहभूम), जेएनएन। Fight against corona कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए हर कोई अपने स्तर से संजीदा है। लेकिन सुदूर ग्रामीण इलाकों की इन महिलाओं की पहल की आप जितनी तारीफ करेंगे, कम होगा। ये महिलाएं कोरोना से बचाव के लिए न केवल जागरूक हैं बल्कि दूसरों को भी जागरूक कर रही हैं। नहीं मानने वालों के साथ सख्ती से भी पेश आ रही हैं। यही कारण है कि इस इलाके में बारी-बारी से मयाखाने बंद हो रहे हैं। यह महिलाओं की शराबबंदी की मुहिम का नतीजा है।
झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के सुदूर क्षेत्र बिंजु पंचायत के सतबमड़ी में महिलाओं ने नशाबंदी को लेकर अभियान छेड़ रखा है। पिछले चार दिनों में गांव एवं आसपास संचालित कई हड़िया व शराब भट्ठी को नष्ट कर दिया गया है। ग्रामीणों को कोरोना वायरस से बचाव को लेकर हड़िया शराब से दूर रहने व परहेज करने की सलाह महिलाएं दे रही हैं। बिंजु पंचायत के सतबमड़ी गांव के सभी टोला में हड़िया दारू पर पूरी तरह प्रतिबंध लग गया है। पिछले दो दिनों में मुखिया सिल्विया सुरीन की अगुवाई में लगभग दर्जन भर हड़िया शराब की भट्ठी को नष्ट कर दिया गया है। करोबारियों को चेताया भी गया है कि चोरी छुपे भी हड़िया व शराब का कारोबार न करें।
बैठक कर बनाई निगरानी समिति
ग्रामीण क्षेत्र में हड़िया दारू का कारोबार बंद करने व नशाबंदी को लेकर रुंघी, चिरुमाठा और सतबमड़ी गांव में बिंजु पंचायत की मुखिया सिल्विया सुरीन की अगुवाई में महिलाओं की बैठक रविवार को खुले आकाश में शारीरिक दूरी बनाते हुए आयोजित की गई। इसी क्रम में बिंजु पंचायत के चिरुमाठा ग़ांव में उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रांगण में मुंडा अरुण कुमार नायक की अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में पुरुष व महिला वर्ग की निगरानी समिति का गठन किया गया जो नशाबंदी अभियान को सफल बनाने के लिए हड़िया दारू के कारोबार पर निगाह रखेगी। पुरुष वर्ग में अध्यक्ष- विनय सुरीन,सचिव - बालचंद देहरी वही महिला वर्ग से अध्यक्ष- सुमित्रा पाईक, सचिव- नूतन प्रधान को सर्व सम्मति से चुना गया जो गांव में नशाबंदी के लिए जरूरी पहले करेंगे।
सामाजिक दंड देने का निर्णय
गांव में चोरी छुपे हड़िया दारू का कारोबार करते पकड़े जाने पर सामाजिक दंड दिए जाने का निर्णय लिया गया। बैठकों में मुखिया सिल्विया सुरीन ने लोगों को कोरोना से बचाव को लेकर आवाश्यक नियमों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही नशाबंदी पर जोर देते हुए हड़िया दारू से दूर रहने व सेवन से परहेज करने की हिदायत दी। बैठक में निगरानी समिति ने निर्णय लिया कि सोमवार से गांव में दारू हड़िया का कारोबार पर पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। उसके बाद कारोबार करते पकड़े जाने पर कारोबार करने वाले कि सूचना पुलिस को कार्रवाई के लिए दी जाएगी। हड़िया दारू को मौके पर नष्ट कर दिया जाएगा। नशाबंदी को लेकर गांव में अभियान आगे भी जारी रहेगा।