महिलाओं ने संभाल रखा है नशे का कारोबार, इनकी शातिरदिमागी आपको कर देगी हलकान Jamshedpur News
Udta Adityapur. ड्रग्स के धंधे की सरगना एक महिला है जो जमशेदपुर के मानगो में एक फ्लैट में रहती है। उस पर जल्दी किसी को संदेह नहीं होता है।
By Rakesh RanjanEdited By: Published: Mon, 29 Jun 2020 01:41 PM (IST)Updated: Mon, 29 Jun 2020 01:41 PM (IST)
जमशेदपुर, अन्वेश अंबष्ठ,। आदित्यपुर में ड्रग्स के कारोबार की जड़ें इतनी फैल चुकी है कि इन्हें खत्म करना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। सबसे बड़ी चुनौती वो महिलाएं हैं, जो इस धंधे में सीधे तौर पर जुड़ी हैं। महिला होने के कारण पुलिस भी इनपर हाथ डालने से कतराती है।
रविवार को ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए आठ युवकों ने भी इस बात की तस्दीक की है। सबसे अहम बात है कि इस ड्रग्स के धंधे की सरगना एक महिला है, जो जमशेदपुर के मानगो में एक फ्लैट में रहती है। उस पर जल्दी किसी को संदेह नहीं होता है। वो कई मामले दर्ज होने के बावजूद पकड़ में भी नहीं आती है। यह बात सुनने में भले अटपटी लगे, लेकिन ये सच है। वह लंबे समय से धंधे से जुड़ी है। पुलिसिया कार्यशैली का आलम यह है कि इलाके में नशाखोरी आदि की शिकायतें मिलने के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं होती है। यही वजह है कि सैकड़ों की तादाद में युवा नशीली दवाओं से चस्का पाकर गांजा, चरस के साथ साथ ब्राउन सुगर जैसे सफेद जहर की गिरफ्त में फंसकर जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं।
ग्राहकों को पहचानती हैं कारोबारी महिलाएं
पूछताछ में युवकों ने पुलिस को बताया कि ड्रग्स बेचने वाली महिलाओं को वो नहीं पहचानते, लेकिन महिलाएं उन सभी को पहचानती हैं। आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती इलाके में जब ब्राउन शुगर खरीदने जाते थे तो महिलाएं ही प्रति पुड़िया 200 रुपये में देती थीं। आदित्यपुर में नशा करने के लिए जमशेदपुर के सोनारी, कदमा, जुगसलाई, मानगो, बागबेड़ा आदि क्षेत्र के युवक आते-जाते हैं।
नशे के लिए उपलब्ध कराते सुरक्षित स्थान
ड्रग्स विक्रेता नशा करने वालों को सुरक्षित जगह भीउपलब्ध कराते थे। मुस्लिम बस्ती एच रोड के एक जर्जर भवन में नशा सेवन करने के लिए भेज दिया जाता था। महिलाएं होशियारी से धंधा को अंजाम देती हैं। इस तरह मोटी कमाई कर रही है और मौत बांट रही हैं। एक से दूसरे स्थान तक नशा पहुंचाने को महिलाएं कूरियर का काम करती है।
पुलिस कर रही कार्रवाई, लोग भी जागृत हों : डीआइजी
कोल्हान डीआइजी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि ड्रग्स का धंधा करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। अभी और भी लोग पकड़े जाएंगे। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। विशेष अभियान चलाकर धंधा करने वालों की गिरफ्तारी के आदेश सरायकेला-खरसावां के एसपी को दिये गए है। डीआइजी ने कहा लोग भी जागृत हो। युवाओं पर ध्यान रखें।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें