तलाक के बाद दो बच्चों संग रह रही महिला ने की खुदकशी
वास्तु विहार में रहने वाली प्रीति दुबे ने दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक कर खुदकशी कर ली। वह दो पुत्रों के साथ रहती थी। पति राजनेत दुबे से उसका तलाक हो चुका था।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। बिरसानगर थाना क्षेत्र में स्थित वास्तु बिहार के 63/ए के अंबिका डुप्लेक्स में रहने वाली प्रीति दुबे (37) ने दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक कर खुदकशी कर ली। वह दो पुत्रों के साथ रहती थी। पति राजनेत दुबे से उसका तलाक हो चुका था। चार वर्ष से वह दीपक शर्मा के डुप्लेक्स में किराये पर रह रही थी।
महिला के बड़े पुत्र प्रियांशु (15) ने बिरसानगर थाना प्रभारी भूषण सिंह को बताया कि शनिवार की सुबह 10.30 बजे मां अपने कमरे में थी। वह (बेटा) अपने छोटे भाई के साथ दूसरे कमरे में था। दोनों खेल रहे थे। इस बीच कुछ आवाज आई। दोनों मां के कमरे की ओर गए। दरवाजा भीतर से बंद था। खिड़की से झांका। मां को दुपट्टे से पंखे से लटका देखा। आस-पास के लोगों को जानकारी दी। मां को ऑटो से लेकर टीएमएच गए। बेटे ने बताया कि उसकी मां दो माह से तनाव में थी। हमेशा कुछ न कुछ बोलती रहती थी। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों घर में अकेले हैं। कोई रिश्तेदार परिचित भी नहीं, जो उन्हें दिलासा दे सके।
हम चले भी जाएंगे तो यह नहीं सोचना कि अकेले हो
प्रियांशु ने पुलिस को बताया मां कहती थी कि वह कहीं चली भी जाएंगी तो यह नहीं सोचना कि तुमलोग अकेले हो। बिरसानगर थाना प्रभारी भूषण सिंह ने बताया कि प्रीति के बच्चों की पढ़ाई भी एक वर्ष से छूट चुकी थी। बच्चों को नहीं मालूम कि उनका अब आगे क्या होगा? बच्चे किसी रिश्तेदार को भी नहीं जानते। बच्चे इतना बता पा रहे कि नाना रुपये भेजते थे जिससे कि उनका खर्च चलता था। वे रेलवे में कार्यरत हैं। शायद बिहार के हाजीपुर में रहते हैं।
घटना से फ्लैट के लोग अचंभित
फ्लैट के लोग प्रीति के खुदकशी करने से अचंभित हैं। दबी जुबान से कुछ ने कहा कि महिला के घर पर दो-तीन माह पहले तक एक व्यक्ति का आते देखा था, लेकिन कुछ दिन से व्यक्ति नहीं दिख रहा था।