एक बच्चे की मां दूसरी बार प्रेमी संग फरार, बच्ची को भी साथ ले गई
एक बच्चे की मां प्रेमी के साथ दूसरी बार फरार हो गई। मामला पुलिस में पहुंचा तो पुलिस भी हलकान हो गई।
जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। एक बच्चे की मां अपने प्रेमी के साथ दूसरी बार फरार हो गई। मामला पुलिस में पहुंचा तो पुलिस भी हलकान हो गई। पहली बार जब महिला भागी थी तो पुलिस को खोजने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। तब वह प्रेमी के घर मिली थी।
महिला के पति अरविंद कुमार ने गोलमुरी थाना में गाढ़ाबासा निवासी विवेक कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दिए बयान में अरविंद कुमार ने कहा है कि वे प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। आठ फरवरी की शाम को ड्यूटी से आए तो देखा कि पत्नी व बच्चा दोनों गायब हैं। खोजबीन में पता चला कि विवेक कुमार श्रीवास्तव उनकी पत्नी व बच्ची को भगा ले गया है।
पटना से हुई थी बरामदगी
इस गोलमुरी थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व भी महिला अपने प्रेमी विवेक कुमार श्रीवास्तव के साथ फरार हो गयी थी। इस संबंध में गोलमुरी थाने में मामला दर्ज कराया गया था। बाद में पुलिस ने महिला को पटना से बरामद कर लिया था। उसे जमशेदपुर लाकर कोर्ट के माध्यम से उसके पति के हवाले कर दिया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला दोबारा प्रेमी के साथ भाग गयी है। पुलिस प्रेमी, महिला व बच्चे की तलाश में जुट गयी है।