दूसरी शादी से खफा हो पति को पहुंचाया जेल, इधर चल पड़ी ऐसी राह कि हुआ ये अंजाम
एक आंगनबाड़ी सेविका की हत्या से जुड़ी कहानी हलकान करनेवाली है। पति से विवाद और गैर युवक से करीबी ने महिला को उस अंजाम तक पहुंचा दिया जिसकी कल्पना भी नहीं की होगी।
जमशेदपुर, जेएनएन। वह पति से इस कारण नाराज हो बैठी कि उसने दूसरी शादी रचा ली। मुकदमे के बाद पति जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया। इधर, महिला के अवैध संबंध एक युवक से बन गए और जो हश्र हुआ वह हैरान करनेवाला है। अवैध संबंध तक तो ठीक रहा, लेकिन महिला युवक से शादी की जिद पर अड़ी तो युवक ने उसके साथ ऐसा सलूक किया जिसकी उम्मीद नहीं की जा सकती।
यह वाकया है जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के तिरूलडीह थाना इलाके का। पुलिस ने लेटेमदा गांव के नूतनडीह टोला में हुई आंगनबाड़ी सेविका संतोषी महतो की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है और आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। 15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि संतोषी महतो का घर दो दिनों से बंद है। पुलिस टीम पहुंची और घर में दाखिल हुई तो हैरान रह गई। संतोषी की लाश नग्न अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। तहकीकात में पाया गया कि उसकी हत्या सिर एवं कंधे के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार के प्रहार से की गई है। उसका बायां हाथ भी तोड़ दिया गया है। घर के चारों तरफ सामान बिखरे थे। पुलिस को आशंका हुई कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की गई है।
मायकेवालों ने जताया ससुराल वालों पर शक किया केस
हालांकि, मायके वालों ने मृतका के ससुराल वालों पर हत्या करने का शक जताया और मृतका के पिता के बयान पर ससुराल के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अपने स्तर से जांच में जुटी रही और फिर हकीकत कुछ और ही सामने आई।
युवक ने किया मामले का खुलासा
पुलिस ने जांच पड़ताल के क्रम में लेटेमदा के ही सुखेन महतो नामक युवक को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की तो खुलासे से पुलिस भी भौंचक्क रह गई। सुखेन ने बताया कि संतोषी महतो से एक साल से अवैध संबंध था। वह शादी का दबाव बना रही थी। जबकि सुखेन उसके पहले से शादीशुदा होने का हवाला देकर शादी से मना कर रहा था। सुखेन ने बताया कि 13 अगस्त की रात भी वह संतोषी के घर गया और शारीरिक संबंध बनाया। इसी क्रम में शादी की बात पर विवाद बढ़ा और उसने घर में पडी टांगी से वार कर हत्या कर दी और संतोषी का मोबाइल और टांगी लेकर फरार हो गया।
मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद
पुलिस ने युवक की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर लिया और हत्या के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की तैयारी हो रही है।