मुसाबनी में महिला की गला रेतकर हत्या, तालाब में नहाने गई थी सोहागी Jamshedpur News
Murder.पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव तालाब के पास से बरामद हुआ।
मुसाबनी (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। Murder पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव तालाब के पास से बरामद हुआ। मृतका की पहचान काकदोहा के कादे मार्डी उर्फ बुरदी मार्डी की पत्नी सोहागी मार्डी के रूप में हुई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के संबंध में मृतका के पति बुरदी मार्डी ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग बजे दोनों पति-पत्नी तालाब में नहाने के लिए गए थे। पत्नी पानी में नहा रही थी। इस दौरान वह जोर से चिल्लाई। चिल्लाने की आवाज सुनकर वह तालाब से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद जब वह फिर तालाब के पास आया तो उसकी पत्नी वहां नहीं थी। पति ने रात भर ग्रामीणों की मदद तालाब के आसपास पत्नी की खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिली। बुधवार की सुबह उसकी लाश तालाब के बाहर पेड़ के नीचे नग्न अवस्था में पड़ी मिली। शव को देखने से प्रतीत होता है कि महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई है।
पति ही निकला हत्यारा
थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने घटनास्थल पर पहुंचकर महिला के पति से पूछताछ की। सूचना के बाद मुसाबनी डीएसपी पीताम्बर सिंह खैरवार भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतका महिला के पति से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को महिला के पति की कहानी में कुछ झोल लगा तो कड़ाई से पूछताछ की। सख्ती से वह टूट गया और सच कबूल कर लिया। महिला की गला काटकर हत्या उसके पति कादे मार्डी ने ही की थी।। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।