जमशेदपुर के कदमा में मिली महिला की सड़ी-गली लाश, भूख से मौत की आशंका Jamshedpur news
जमशेदपुर के कदमा में महिला की सड़ी-गली लाश मिली। वह पति से अगल मायके में रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत भूख से हुई।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के कदमा थाना इलाके के मंदिर पथ मकान संख्या 81 में शुक्रवार को एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला का नाम बबली देवी है। बताया जा रहा है कि महिला के घर से पुलिस ने अन्न का एक दाना भी बरामद नहीं किया है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत भूख से हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला की शादी पांच साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही वह पति से अलग होकर कदमा में अपने मायके में रह रही थी। महिला के दो भाई पंकज वर्मा और दिनेश वर्मा दहेज हत्या मामले में घाघीडीह जेल में सजा काट रहे हैं। भाई के जेल जाने के बाद बबली अकेले ही रह रही थी। पड़ोसियों ने बबली को आखिरी बार दीपावली में देखा था। शुक्रवार को उसके घर से बहुत तेज दुर्गंध आ रही थी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना कदमा थाना में दी। कदमा पुलिस से घर का दरवाज़ा तोड़ शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव लिया कब्जे में
हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल पाएगी। हालांकि, घर में अन्न का एक दाना भी नहीं मिलना इस आशंका को बल देता कि मौत भूख की वजह से हो गई। चूंकि घर में वह अकेली थी किसी से मदद नहीं ले सकी।