FasTag के बिना टोल प्लाजा से गुजरने के लिए देना होगा दोगुना टैक्स, ये रही पूरी जानकारी
FasTag. फास्टैग के बगैर आपको टोल प्लाजा पार करने पर दोगुना टैक्स देना होगा। यह व्यवस्था शुक्रवार से प्रभावी होगी। ऐसे में यही उचित होगा कि फास्टैग की व्यवस्था को अपना लें। फास्टैग नहीं होने पर टोल प्लाजा के बाहर ही रुकना होगा।
धालभूमगढ़ (पूर्वी सिंहभूम), जासं। एक जनवरी से फास्टैग के बिना कोकपाड़ा टोल प्लाजा पर किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं होगा। फास्टैग के बिना टोल से पार करना है तो आपको दोगुना टोल टैक्स देना होगा। कोकपाड़ा टोल प्लाजा में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की ओर से छह काउंटर बनाए गए हैं। यह टोल प्लाजा 12 लेन का है। यहां पेटीएम ने अपना शिविर लगाया है। धालभूमगढ़ व कोकपाड़ा में राष्ट्रीय उच्च पथ से सटे पेट्रोल पंप पर फास्टैग की सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं हो पाई है।
इस टोल प्लाजा में एनएचएआइ द्वारा नियुक्त किए गए प्रभारी सांतनु महतो ने बताया कि फास्टैग सभी वाहन में लगाया जाए एवं लोग इसके प्रति जागरूक हो जाएं इसके लिए टोल प्लाजा में लगभग 60 ट्रैफिक मार्शल नियुक्त किए हैं। ये ट्रैफिक मार्शल लोगों एवं चालकों को जागरुक कर रहे हैं। फास्टैग लगवा भी रहे हैं। इन ट्रैफिक मार्शलों को तीन ग्रुप में बांटा गया है। शुक्रवार से जिनका फास्टैग नहीं होगा उन्हें टोल प्लाजा के बाहर ही रुकना होगा। फास्टैग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद वे इस टोल से पार हो सकेंगे। वरना उन्हें दोगुना टैक्स देना होगा।
हर एक टोल प्लाजा में कटेगा टैक्स
एक ही एनएच में दो टोल होने पर दोनों टोल प्लाजा में टैक्स कटेगा। फास्टैग से यह टैक्स अपने आप कट जाएगा। टोल से पार होने पर टैक्स देना अनिवार्य है। कोकपाड़ा टोल प्लाजा से कार के लिए एक दिन का चार्ज 140 एवं बस व ट्रक के लिए एक दिन के लिए लगेगा 300 रुपया लगेगा। इसके अलावा फास्टैग लगाने पर रिचार्ज अपने हिसाब से तथा सेक्यूरिटी नियमानुसार लगेगा।
फास्टैग के लिए कौन से दस्तावेज चाहिए
कोकपाड़ा टोल प्लाजा में कार चालक को फास्टैक के बारे में जानकारी देते पेटीएम के कर्मचारी। जागरण
कैंप में योगदान दे रहे कर्मचारियों ने बताया कि फास्टैग खरीदने के लिए आपको ड्राइविंग लाइसेंस की फोटो कापी और वाहन के रजिस्ट्रेशन पेपर की आवश्यकता है। वहीं आप फोटो आइडी के तौर पर आधार कार्ड और पासपोर्ट या पैन कार्ड का भी प्रयोग कर सकते हैं। यहां दस मिनट में फास्टैग बन रहा है।