विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथी का गुस्सा:बहरागोड़ा में युवक के भागने पर बाइक पर निकाला गुस्सा, सूंड से उठाकर जमीन पर पटका

Published: Sun, 17 May 2026 09:01 PM (IST)

बहरागोड़ा के लुगाहारा गांव में जंगली हाथियों का उत्पात जारी है, जो फसलों और रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा रहे ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. जंगली हाथियों का लुगाहारा गांव में लगातार उत्पात।

  2. युवक सोनू महतो हाथी हमले से बाल-बाल बचा।

  3. हाथी ने गुस्से में आकर मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त किया।

संसू, बहरागोड़ा। प्रखंड क्षेत्र के लुगाहारा गांव और इसके आसपास के इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों का दल कभी पके हुए धान की फसल को रौंद रहा है, तो कभी रिहायशी इलाकों के करीब पहुंचकर तबाही मचा रहा है। 
 

मैदान में खेल रहे युवक के सामने अचानक आया हाथी  

इसी क्रम में रविवार को एक युवक जंगली हाथी के हमले का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू महतो नामक एक स्थानीय युवक रविवार को अपने दोस्तों के साथ गांव के पास ही एक मैदान में खेल रहा था। 
 
इस दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर एक विशालकाय जंगली हाथी उनके सामने आ गया। हाथी की आक्रामकता को देखते हुए सोनू और उसके दोस्तों ने तुरंत वहां से दौड़ लगा दी। 
image

आक्रामक हाथी का फाइल फोटो।

गुस्से में बाइक को किया चकनाचूर 

सोनू महतो अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन हड़बड़ी में उसकी मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई। इंसानों को भागता देख हाथी ने गुस्से में आकर वहां खड़ी बाइक को अपनी सूंड से हवा में उठा लिया और पूरी ताकत से जमीन पर पटक दिया। 
 
हाथी के इस हमले में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि सोनू समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
 

वन विभाग ने जारी की एडवायजरी 

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लुगाहारा और उससे सटे जंगली क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही पिछले कई दिनों से बनी हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। 

  •     वन विभाग की अपील: घटना के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि कोई भी व्यक्ति जंगली हाथियों के नजदीक जाकर सेल्फी, फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास न करे। वन्य जीव किसी भी क्षण आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही एकमात्र बचाव है।