जमशेदपुर के आठ स्थानों पर 15 से वाई फाई मुफ्त, जानिए कहां-कहां मिलेगी सेवा Jamshedpur News
झारखंड के जमशेदपुर के आठ स्थानों पर 15 सिंतबर से वाई फाई सेवा मुफ्त मिलेगी। आइए जानिए कहां-कहां सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
जेएनएन, रांची/जमशेदपुर : झारखंड के सात जिलों के 54 हॉट स्पॉट के लगभग 400 एक्सेस प्वाइंट पर लोगों को 15 सितंबर से वाई फाई की सुविधा मुफ्त मिलेगी। इनमें रांची, धनबाद, बोकारो, दुमका, हजारीबाग, देवघर तथा जमशेदपुर शामिल हैं। इसके लिए सारी प्रक्रियाएं व तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जमशेदपुर में आठ स्थानों पर यह सुविधा उपलब्ध होगी।
यह जानकारी सूचना तकनीक सह ई-गवर्नेंस विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, जैप आइटी के सीईओ दिव्यांशु झा तथा आइटी निदेशक उमेश साहू ने गुरुवार को रांची स्थित सूचना भवन में दी। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी बात कि इसमें 4-जी से अधिक स्पीड मिल सकेगा। गलत उपयोग रोकने के लिए इसमें यू-ट्यूब, वीडियो तथा पोर्न साइटों को ब्लॉक किया गया है। इसके तहत, एक एक्सेस प्वाइंट पर एक बार में अधिकतम 50 लोग वाई फाई की सुविधा ले सकेंगे। किसी भी एक नंबर से एक दिन में अधिकतम 500 एमबी के डाटा का उपयोग किया जा सकेगा।
आदित्यपुर में टेक्नोलॉजी पार्क का काम अंतिम चरण में
उन्होंने बताया कि देवघर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बोकारो में शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होगा। आदित्यपुर में 68 फीसद निर्माण हो चुका है। पदाधिकारियों ने बताया कि 'भारतनेट' के तहत फरवरी 2020 तक प्रत्येक ग्राम पंचायतों के तीन-तीन लोकेशनों में वाई फाई की सुविधा बहाल की जाएगी।
सभी प्रमंडल में साइबर फॉरेंसिक लैब
उन्होंने यह भी बताया कि साइबर सुरक्षा के लिए सभी प्रमंडल मुख्यालयों में स्टैंडर्ड साइबर फॉरेंसिक लैब स्थापित की जाएगी। रांची में सीडैक के माध्यम से इस लैब की स्थापना कर ली गई है। उन्होंने सभी 24 जिलों में साइबर थाना स्थापित किए जाने की भी जानकारी दी।
जमशेदपुर में यहां मिलेगी सुविधा
उपायुक्त कार्यालय, एसएसपी आफिस, डीटीओ आफिस, निबंधन कार्यालय, बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान, साकची स्थित आमबगान मैदान, साकची व मानगो बस स्टैंड।