Weather Update : बढ़ा तापमान, बादल गरजे, कहीं-कहीं छिटपुट बारिश Jamshedpur News
सुबह से दोपहर तक तीखी धूप के कारण गर्मी से लोग परेशान रहे।दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छा गए।कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। हवा चली, बादल गरजे, लेकिन बिना बरसे ही चले गए। बुधवार को दोपहर बाद अचानक मौसम करवट ले लिया। सुबह से दोपहर तक तीखी धूप के कारण गर्मी से लोग परेशान रहे।
दोपहर बाद करीब तीन बजे मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में मेघ गरजने लगे और तेज हवा चलने लगी। इस दौरान गोविंदपुर समेत शहर के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। हालांकि दोपहर तक तेज धूप के कारण तापमान बढ़कर इस सीजन के सर्वाधिक अंक पर पहुंच गया।
38.1 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग ने बुधवार को शहर का तापमान अधिकतम 38.1 और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। गर्मी के इस सीजन में शहर का तापमान पहली बार 38 का अंक पार किया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सात अप्रैल तक आसमान में रोज काले बादल छाने की संभावना है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहेगा। वैसे सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान के 40 डिग्री पहुंचने की भी संभावना है।
अब परेशान करने लगी गर्मी
शहर और आसपास के क्षेत्र में बढ़ रहे तापमान से लोग अब परेशान होने लगे हैं। अप्रैल माह शुरू हो चुका है। इस महीने के पहले सप्ताह में तापमान के घटते-बढ़ते रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गुरुवार को तापमान बढ़ेगा। वहीं तीन अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने के कारण तापमान घटने का अनुमाल है। इसके बाद पांच अप्रैल से तापमान में बढ़ोत्तरी होनी शुरू हो जाएगी।
कभी धूप-कभी छांव का चल रहा खेल
इलाके में अभी धूप-छांव का खेल चल रहा है। एक दिन पूर्व मंगलवार को तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस था। दोपहर के समय कड़ी धूप से लोग बेचैन हो उठे थे। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस था। जबकि बुधवार को पारा 38.1 पहुंच गया। कई लोग कोरोना के प्रकोप से निजाद के लिए तापमान के बढऩे का इंतजार कर रहे हैं कि कब तापमान 40 के पार पहुंचे और महामारी से लोगों को मुक्ति मिले।