Weather Update: बारिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, फिलहाल बारिश से राहत की उम्मीद नहीं, जानिए मौसम विभाग की भविष्यवाणी
Weather Update भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बीते 48 घंटे में लगभग 35 एमएम वर्षा हुई है। वहीं अभी मौसम इसी तरह खराब रहेगा। गुरुवार व शुक्रवार को भी हल्की वर्षा हो सकती है। जबकि 13 व 14 को जोरदार वर्षा होने की संभावना है।
जमशेदपुर, जासं। शहर में बीते तीन दिनों से वर्षा हो रही है। बुधवार को भी दिनभर वर्षा होते रही। कभी तेज तो कभी धीमी वर्षा हुई। इस दौरान जगह-जगह पर पानी का जमाव हो गया। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। जेम्को व कालीमाट्टी रोड में पानी का जमाव होने से गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। इससे घंटों देर तक लोग जाम में फंसे रहे। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते 48 घंटे में लगभग 35 एमएम वर्षा हुई है। वहीं, अभी मौसम इसी तरह खराब रहेगा। गुरुवार व शुक्रवार को भी हल्की वर्षा हो सकती है। जबकि 13 व 14 को जोरदार वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 15 अगस्त से शहर का मौसम फिर से एक बार बदलेगा। इस दौरान तेज धूप भी देखने को मिल सकता है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। मौसम बदलने का असर लोगों के सेहत पर भी दिख रहा है। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कालेज अस्पताल के उपाधीक्षक डा. नकुल प्रसाद चौधरी ने कहा कि बरसात के दिनों में मौसमी रोगियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सभी को सावधान होने की जरूरत है। अपने घर के आस-पास विशेष साफ-सफाई रखें। पानी का जमाव नहीं होने दें। इससे मच्छरों की संख्या बढ़ेगी और मलेरिया, डेंगू होने का खतरा बढ़ जाता है।
सड़कों पर बह रहा नाले का पानी
मानगो क्षेत्र के अधिकांश नाला-नाली जाम पड़ा हुआ है। लगातार वर्षा होने से नाली का पानी सड़कों पर बह रहा है। वहीं, डिमना रोड स्थित दरभंगा डायरी के सामने नाला का पानी घरों में प्रवेश करने लगा। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। लोगों ने बताया कि कभी साफ-सफाई नहीं होने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। वहीं, डिमना रोड के पारसनगर क्षेत्र में भी नाली का पानी घरों में प्रवेश करने लगा।