Weather Update : बढ़ती जा रही तपिश, अभी और बिगड़ेगा मौसम का मिजाज Jamshedpur News
दोपहर की तीखी धूप शरीर में चुभन पैदा कर रही है। लोग पसीने से लथपथ हो रहे हैं। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। समुद्री चक्रवात एम्फन का असर कम होने के साथ ही मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान व बारिश ने बेहाल किया था तो अब बढ़ रही तपिश लोगों को बेचैन करने लगी है।
आसमान साफ होते ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। समुद्री तूफान के बाद पिछले दो दिनों से लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। दोपहर की तीखी धूप शरीर में चुभन पैदा कर रही है। लोग पसीने से लथपथ हो रहे हैं। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इतने तापमान में ही चुभने वाली गर्मी से लोग परेशान रहे।
घर के अंदर उमस और बाहर गर्मी से लोगों को जीना मुहाल हो रहा था। लॉकडाउन के कारण लोग अपने-अपने घर में ही कैद हैं। ऐसे में उमस भरी गर्मी से लोग बैचेन हैं।
27 से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
हालांकि मौसम विभाग ने 27 मई से मौसम के एक बाद फिर करवट लेने की संभावना जताई है। मौसम पूर्वानुमान की माने तो 27 मई तक शहर का तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में चिलचिलाती गर्मी लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। इसके बाद मौसम बिगडऩे के कारण शहर का तापमान गिरने लगेगा। मौसम विभाग ने शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।