Weather Update : बदलेगा मौसम मिजाज, लगातार हो सकती है बारिश Jamshedpur News
कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहेगा। पिछले सप्ताह दोपहर तक चिलचिलाती धूप व उसके बाद शाम को झमाझम बारिश से लोग परेशान हुए थे।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। पूर्वी सिंहभूम व आसपास के इलाके में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहेगा। पिछले सप्ताह दोपहर तक चिलचिलाती धूप व उसके बाद शाम को झमाझम बारिश से लोग परेशान हुए थे।
वहीं उसके बाद पिछले कई दिनों से बारिश तो नहीं हुई लेकिन कभी तेज गर्मी, धूप ने परेशान किया तो बादलों के घिरने से होती छांव ने राहत दी। हालांकि दो दिन से चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर रखा है।
मौसम विभाग ने जताई रोज बारिश की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि लोगों के लिए जल्द ही चिलचिलाती धूप और गर्मी से शहरवासियों को राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलना शुरू हो जाएगा। मौसम पूर्वानुमान की माने तो आने वाले 15 जून तक रोज बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट होने की आशंका है।
वैसे मंगलवार को दिनभर तीखी धूप खिली रही। शाम होते ही आसमान में बादल उमड़े और शहर और आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। रात को भी मेघ गर्जन होती रहा। वहीं बुधवार को सुबह से तो तेज गर्मी व धूप ने लोगों को बेहाल किए रखा। शाम होने से पहले मौसम कुछ सुहावना होना शुरू हुआ। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही होती दिखाई दी जिसके अनुसार बुधवार से ही बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा मानसून, समय से पहले आने की संभावना
मानसून का इंतजार कर रहे लोगों व किसानों के लिए यह अच्छी खबर हो सकती है। इस बार मानसून निर्धारित समय से पहले आ सकता है। इस अनुमान से किसानो के चेहरे खिले हुए हैं। ज्ञात हो कि मानसून का प्रवेश देश में हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मानसून बंगाल की खाड़ी से कुछ आगे बढ़ गया है।