'तितली' तूफान के कारण दिनभर बारिश, आ गई ठंड
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात तूफान तितली का असर लौहनगरी मे भी रहा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात तूफान तितली का असर लौहनगरी में दूसरे दिन भी रहा। शुक्रवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान रुक रुककर बारिश होती रही। तूफान का आंशिक असर शनिवार को भी रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे, इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने शनिवार से स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई है। आध्र प्रदेश और ओडिशा में तबाही मचाने वाला चक्रवाती तूफान तितली अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। हालाकि, इसके वापस ओडिशा से गुजरने की संभावना है।
24 घंटे में 1.1 डिग्री गिरा पारा
तितली तूफान के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम पारा 1.1 डिग्री सेल्सियस गिरा है, जबकि न्यूनतम पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस घटा है। तितली तूफान आने के बाद गुरुवार को शहर का अधिकतम 26.6 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। शुक्रवार को तापमन घटकर अधिकतम 25.5 और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पारा में गिरावट के बाद लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है।
शुक्रवार को 21.3 मिमी बारिश
तितली तूफान के प्रभाव में आने से शुक्रवार को शहर में 21.3 मिमी बारिश हुई। शहर के विभिन्न भागों में दिन भर रुक रुककर हुई बारिश के कारण लोगों को परेशानी हुई। मौसम बिगड़ने के कारण बाजारों में कम भीड़ नहीं।
दुर्गोत्सव के दौरान रहेंगे आंशिक बादल
दुर्गोत्सव के दौरान शहर में आसमान पूरी तरह से साफ नहीं रहेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार अब धीरे-धीरे शहर का अधिकतम पारा बढ़ेगा, जबकि न्यूनतम पारा घटेगा।
संभावित पारा
तिथि - अधि. - न्यून.
13 - 29.0 - 22.0
14 - 31.0 - 22.0
15 - 32.0 - 21.0
16 - 32.0 - 20.0
17 - 32.0 - 20.0
18 - 32.0 - 20.0