गोलमुरी फायरिंग में चार नामजद, एक गिरफ्तार; मुस्लिम बस्ती में वासेपुर गैंग ने किया था हमला Jamshedpur News
Wasepur gang attacked in Muslim colony. मुस्लिम बस्ती में गुरुवार की रात वासेपुर गैंग क्लब के युवकों ने बस्ती के एक युवक मशीर पर हमला कर दिया था।
जमशेदपुर, जेएनएन। गोलमुरी में फायरिंग मामले में चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। मुस्लिम बस्ती में गुरुवार की रात वासेपुर गैंग क्लब के युवकों ने बस्ती के एक युवक मशीर पर हमला कर दिया था। युवकों ने घेर कर मशीर के साथ गाली-गलौज करने के साथ ही दहशत फैलाने के लिए 10 राउंड फायरिंग की थी। हवाई फायरिंग की इस वारदात से गोलमुरी मुस्लिम बस्ती में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी गोलमुरी, टेल्को, बर्मामाइंस और साकची थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे थे।
डर से बस्ती के लोगों ने बंद कर लिए घरों के दरवाजे
घटना गुरुवार की रात तकरीबन 10 बजे की है। हमलावरों की तलाश में ताबड़तोड़ कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। गोलमुरी के मुस्लिम बस्ती के रहने वाले बब्बन का भतीजा मो. मशीर घर जा रहा था। रास्ते में टंकी ब्वायज क्लब के पास उसे गैंग ऑफ वासेपुर के 10-15 युवकों ने घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। मो. मशीर उस वक्त कुछ नहीं बोला और घर चला गया। घर में बड़ों को जानकारी दी। इसके बाद मो. मशीर के घर के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और वहां खड़े युवकों को पहचानने के बाद घर चले आए। इसके आधा घंटे बाद वहां चार-पांच अन्य युवक आए और इन युवकों ने गाली-गलौज करते हुए बस्ती में अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बस्ती के लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। घटना की जानकारी पर कई थानों की फोर्स बस्ती में पहुंचा तब जाकर लोग घरों से निकले। लोगों ने पुलिस को युवकों की कारस्तानी के बारे में जानकारी दी। मो. मशीर ने पुलिस को बताया कि फायरिंग करने वालों में एग्रिको का रहने वाला सलमान, शादाब, जीशू, नोमान व अन्य लोग शामिल हैं।
कई बार बस्ती में फायरिंग कर चुके हैं बदमाश
बस्ती के रहने वालों ने पुलिस को बताया कि हमलावर आए दिन बस्ती में फायरिंग करते रहते हैं। एग्रिको का सलमान गोलमुरी में आकर अड्डेबाजी करता है। गिरोह उसी ने बनाया है।