नगर कीर्तन पर सरकार की अंतिम गाइडलाइंस का हो रहा इंतजार
इस वर्ष भी 551वें प्रकाश उत्सव को लेकर जमशेदपुर की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने खास इंतजाम किए थे लेकिन झारखंड सरकार की ओर से नगर कीर्त्तन निकालने को लेकर कोई स्पष्ट आदेश नहीं आया है ऐसे में आयोजक पेशोपेस में हैं।
जासं, जमशेदपुर : कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरुनानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव मनाया जाता है। इस मौके पर शहर के एक गुरुद्वारे से नगर कीर्तन निकाला जाता है जिसमें जमशेदपुर के सभी 34 गुरुद्वारा के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। इस वर्ष भी 551वें प्रकाश उत्सव को लेकर जमशेदपुर की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने खास इंतजाम किए थे, लेकिन झारखंड सरकार की ओर से नगर कीर्त्तन निकालने को लेकर कोई स्पष्ट आदेश नहीं आया है जबकि सप्ताह भर पहले सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव को ज्ञापन सौपकर नगर कीर्त्तन निकालने की मांग कर चुके हैं।
सेंट्रल गुद्वारा प्रबंधक कमेटी उम्मीद कर रहे हैं कि शनिवार को राज्य सरकार से नगर कीर्तन पर कोई आदेश आ जाएगा। मालूम हो कि जमशेदपुर सहित झारखंड में कोविड 19 के सेकेंड वेब को देखते हुए राज्य सरकार सामूहिक आयोजन की मंजूरी नहीं दे रहे हैं।
आयोजन होने पर एग्रिको मैदान से निकलेगा नगर कीर्तन
राज्य सरकार ने इस वर्ष के लिए नगर कीर्तन की अनुमति दी तो एग्रिको मैदान से इसका शुभारंभ होगा। इस वर्ष नगर कीर्तन का नेतृत्व टिनप्लेट गुरूद्वारा करेगी। इसमें 34 गुरूद्वारा के सदस्य शामिल होंगे।
हालांकि इस वर्ष कोविड के कारण स्कूली बच्चे नगर कीर्त्तन में शामिल नहीं होंगे। सेंट्रल गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी ने राज्य सरकार को ज्ञापन सौपकर भरोसा दिलाया है कि नगर कीर्त्तन निकलने पर इसमें शामिल होने वाले सभी सदस्य मास्क पहनेंगे और शारीरिक दूरी का पालन किया जाएगा।
साकची गुरूद्वारा में बदला गया चोला
गुरू नानक देव जी के प्रकाश उत्सव के अवसर पर साकची गुरूद्वारा में आयोजन की शुरूआत हो गई है। सुबह में निशान साहब का चोला बदला गया। साकची गुरूद्वारा के चेयरमैन सह झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष गुरुदेव सिंह राजा की ओर से यह सेवा की गई।
इस मौके पर साकची गुरूद्वारा के प्रधान सरदार हरविंदर सिंह मंटू, महासचिव दलबीर सिंह, कोषाध्यक्ष अजीत सिंह गंभीर, वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, दूबराज सिंह जुगुनू, श्याम सिंह भाटिया, गुरदीप सिंह सहित संगत सदस्य उपस्थित थे।
अखंड पाठ का हुआ शुभारंभ
गुरूनानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर साकची गुरूद्वारा में शनिवार से आयोजन की शुरूआत हो गई है। सुबह में अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ जो 30 नवंबर की सुबह नौ बजे तक चलेगा। नगर कीर्तन की वापसी के बाद साकची गुरूद्वारा में शाम सात बजे से कीर्तन दरबार भी सजेगा।