जमशेदपुर : लौहनगर की प्रतिष्ठित बाल संस्था, विश्वजीत मणिमेला एक बार फिर अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वाह करते हुए जन कल्याण के लिए सामने आई है। वर्तमान में समूचा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। लौहनगरी जमशेदपुर भी इससे अछूता नहीं है। हर दिन कोरोना पीड़ितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। एक और जहां चिकित्सकीय सुविधाएं कम पड़ रही है वही दूसरी ओर जन सामान्य को रक्त, प्लाज्मा और ऑक्सीजन की किल्लत का सामना भी करना पड़ रहा है।

ऐसी कठिन परिस्थिति में ब्लड बैंक, जमशेदपुर के आग्रह पर विश्वजीत मणिमेला के सदस्यों ने रविवार को बिष्टुपुर स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। संस्था के युवा सदस्यों ने इस नेक कार्य में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और समाज के प्रति अपनी सेवा भावना और नैतिक भागीदारी सुनिश्चित की।

शिविर का आयोजन ब्लड बैंक, जमशेदपुर में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक किया गया। इस दौरान कुल 40 सदस्यों ने रक्तदान किया। इस नेक काम में संस्था के सचिव सुजीत प्रमाणिक, बीएस प्रकाश राव, अरुण कुमार मल, बी नमन, तनवीर भौमिक, पिंटू यादव, प्रदीप प्रमाणिक, जे अविनाश ने विशेष योगदान दिया। इस विपरीत परिस्थिति में लोगो की मदद के लिए शुभश्री कार, रीमा मुखर्जी सहित अन्य महिलाएं भी आगे आकर रक्तदान किया।

विश्वजीत मणिमेला की यह विशेषता है कि सामाजिक कार्यों में अपना योगदान और जन कल्याण के लिए संस्था के कर्मठ सदस्य हमेशा तत्पर रहते है। मालूम हो कि पिछले वर्ष भी लॉकडॉन के दौरान संस्था के एक दर्जन सदस्य लगातार लगभग दो माह तक अपनी जान की परवाह किए बिना आगे आए थे तथा जमशेदपुर सहित आसपास के इलाकों में गरीब, जरूरतमंद और पैदल अपने घर ही जाने वाले यात्रियों को निशुल्क भोजन कराया। विश्वजीत मणिमेला के सदस्यों द्वारा विपदा के इस समय में निस्वार्थ रक्तदान के लिए ब्लड बैंक के अधिकारियों ने उनकी सराहना की।