Ram Mandir in Ayodhya : विश्व हिंदू परिषद राम मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से 27 फरवरी तक चलाएगा धन संग्रह अभियान, इस तरह हो रही तैयारी
Ram Mandir in Ayodhya. अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की तैयारी के बीच विश्व हिंदू परिषद भी धन संग्रह अभियान में जुटी है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति 15 जनवरी से 27 फरवरी तक धन संग्रह अभियान चलाएगी।
जमशेदपुर, जासं। अयोध्या में रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति जमशेदपुर महानगर द्वारा शास्त्रीनगर सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में आयोजित बैठक में धन संग्रह अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
यह अभियान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा 15 जनवरी से 27 फरवरी तक चलाया जाएगा। इसके लिए पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इस कार्ययोजना को सफल बनाने के लिए जमशेदपुर महानगर का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित हुआ।
9 जनवरी को आयोजित होगा प्रशिक्षण वर्ग
बैठक में कार्ययोजना में लगे नगर सह अभियान प्रमुख, सह प्रमुख, हिसाब प्रमुख, कार्यालय प्रमुख एवं प्रचार प्रमुख को अभियान में सभी व्यवस्थाओं का प्रशिक्षण भी दे दिया गया। जमशेदपुर के 13 नगरों का प्रशिक्षण वर्ग सोनारी, बिस्टुपुर, आदित्यपुर, जुगसलाई, बागबेड़ा, परसुडीह, टेल्को, बर्मामाइंस, बिरसानगर, बारीडीह, साकची, मानगो एवं पटमदा 09 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। ये प्रशिक्षण समिति के अभियान प्रमुख जर्नादन पांडेय,रामंत आशीष की देखरेख में आयोजित होगा। इस प्रशिक्षण वर्ग को लेकर विहिप के कार्यकर्ता लोगों से संपर्क करने का कार्य कर रहे हैं।
ये कहते अभियान प्रमुख
समिति के अभियान प्रमुख जर्नादन पांडेय ने कहा कि हमें हर हाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करना है, इसमें हम उत्तर प्रदेश सरकार का पूर्ण सहयोग करेंगे। इसके लिए सभी वर्ग के लोग आगे आ रहे हैं। लोग अपनी स्वेच्छा इस अभियान का समर्थन करने लगे हैं। समिति सभी वर्ग और समाज के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ इसे लेकर संपर्क में हैं। सभी ने सहयोग का आश्वासन दिया है।