ग्रामीणों ने जिला पार्षद से की जमीन बंदोबस्ती की मांग
मुसाबनी प्रखंड स्थित माटीगोड़ा पंचायत के शंखोडीह कुलगोड़ा टोला के प्रधान सुनील टुडू की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह मुसाबनी अंश 19 के जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू भी उपस्थित थे। ग्रामीणों ने जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को रखते हुए कहा कि शंखोडीह में लगभग 60 आदिवासी हरिजन व पिछड़ी जाति के भूमिहीन परिवार 50 वर्षों से अधिक समय से सरकारी भूमि पर रह रहे हैं..
संवाद सूत्र, जादूगोड़ा : मुसाबनी प्रखंड स्थित माटीगोड़ा पंचायत के शंखोडीह कुलगोड़ा टोला के प्रधान सुनील टुडू की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह मुसाबनी अंश 19 के जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू भी उपस्थित थे। ग्रामीणों ने जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को रखते हुए कहा कि शंखोडीह में लगभग 60 आदिवासी, हरिजन व पिछड़ी जाति के भूमिहीन परिवार 50 वर्षों से अधिक समय से सरकारी भूमि पर रह रहे हैं। फिर भी अब तक जमीन की बंदोबस्ती नहीं हो पाई है। जमीन की बंदोबस्ती नहीं होने के कारण वे प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही यह भी बताया कि बच्चों का जाति व आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने जिला पार्षद से मांग करते हुए कहा कि भूमिहीनों को जल्द से जल्द जमीन की बंदोबस्ती दिलाई जाए। बुद्धेश्वर मुर्मू ने मुसाबनी के अंचल निरीक्षक सतीश कुमार से बात कर भूमिहीनों को भूमि बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। सतीश कुमार ने कहा कि जो परिवार भूमिहीन हैं, वे ग्राम सभा में पारित कर अंचल में आवश्यक कागजात जल्द से जल्द जमा कराएं। उसके बाग जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिप सदस्य ने ग्रामीणों से कहा कि कागजी प्रक्रिया पूरा कर मंगलवार को अंचलाधिकारी के पास बंदोबस्ती के लिए आवेदन दिया जाएगा। मौके पर ग्रामीणों ने वर्षों से बंद पड़े सोलर आधारित टंकी को पुन: चालू कराने की मांग की। मौके पर ओमियो महतो, फागू सोरेन, गणेश थापा, सुनील कर्मकार, दीपक कर्मकार, बिमल कालिंदी, अलोमानी कर्मकार, कल्पना बाती बेला देवी, शुरूबाली महतो, अशोक प्रसाद, विसोका कर्मकार आदि उपस्थित थे।