गौहत्या पर रोक के लिए बने केंद्रीय गौ सेवा आयोग : सोमेंद्र महाराज
विश्व हिंदू परिषद (VHP) जमशेदपुर ने बिष्टुपुर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें गौमाता ...और पढ़ें

बिष्टुपुर स्थित हिंदूपीठ में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
HighLights
विहिप ने जमशेदपुर में गौ सम्मान आह्वान अभियान चलाया।
गौमाता को राष्ट्रमाता दर्जा, गौहत्या पर प्रतिबंध की मांग।
6 लाख हस्ताक्षर जुटाए, 17 दिसंबर को रांची में रैली।
जासं, जमशेदपुर। विश्व हिंदू परिषद (VHP) जमशेदपुर महानगर की ओर से बिष्टुपुर स्थित हिंदूपीठ में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जयपुर के विराटनगर पंचखंड से पधारे पीठाधीश्वर आचार्य सोमेंद्र महाराज ने विशेष रूप से शिरकत की।
संबोधन के दौरान आचार्य सोमेंद्र महाराज ने गौ रक्षा और देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए लोगों से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रमुख रूप से गौमाता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाने, केंद्रीय गौ सेवा आयोग का गठन करने तथा देशभर में गौहत्या पर रोक लगाने के लिए एक कड़ा केंद्रीय कानून लागू करने की पुरजोर मांग उठाई गई।
विहिप के संभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल ने जानकारी दी कि इन मांगों के समर्थन में अब तक जमशेदपुर में छह लाख हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं।
इस अभियान को और विस्तार देते हुए जल्द ही चार लाख और हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे, जिसके बाद कुल दस लाख हस्ताक्षरों का ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपाल को सौंपा जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 17 दिसंबर को रांची में एक विशाल जनसमूह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला और घाटशिला से हजारों की संख्या में गौभक्त शामिल होंगे।
कार्यक्रम में संत जम्बू वाले भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में विहिप सिंहभूम विभाग के मंत्री अरुण सिंह, जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष गोपी राव और जिला मंत्री चंद्रिका भगत समेत अन्य पदाधिकारियों का अहम योगदान रहा।
