Farming : यहां पहाड़ी पर लहलहायेगी सब्जी की फसल, इस वजह से होगा मुमकिन; जानिए
Farming. पहाड़ी इलाके में पानी की किल्लत के कारण किसान खेती से वंचित थे। आसमानी बारिश के भरोसे यहां केवल धान की खेती होती थी। अब सब्जी की खेती होगी।
जमशेदपुर, मनोज कुमार सिंह। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरगनर स्थित बड़ा तालसा की पहाड़ी पर स्थानीय किसान जल्द ही सब्जी की खेती आरंभ करेंगे। किसानों की ओर से उगाई गई सब्जी की खपत यूसिल अपनी कैंटीन में करेगी।
यूसिल के अधिकारी वीके सिंह, गिरीश गुप्ता, एमएस मित्रा, एसएन महतो, अरुण नायक, तालसा के ग्राम प्रधान दुर्गा चरण मुर्मू व पूर्व मुखिया कान्हू मुर्मू ने संयुक्त रूप से वाटर इरिगेशन सिस्टम का उद्घाटन किया। खेती के लिए इरिगेशन सिस्टम का पूरा ढांचा यूसिल की ओर से तैयार किया गया है। इसे जुगसलाई के दीपक इंडिया नामक ठेका कंपनी ने अमलीजामा पहनाया है।
19 लाख रुपये आई लागत
कंपनी के दीपक सावा ने बताया कि 19 लाख रुपये की लागत से पूरा ढांचा तैयार किया गया है। करीब 2.5 किलोमीटर में जाल की तरह पाइपलाइन बिछाई गई है। इससे स्थानीय किसान 2.5 एकड़ भूमि पर सिंचाई कर पाएंगे। इसके लिए 10 बाई 10 मीटर का एक टैंक बनाया गया है, जिसमें पानी को स्टोर किया जाएगा। दो एचपी का दो मोटर व तीन एचपी का बूस्टर पंप लगाया गया है। 40 स्प्रिंकलर नोजल लगाए गए हैं जो खेतों में फव्वारे की तरह पानी छोड़ेंगे। 2.4 किमी मेन लाइन व 1.3 किमी आउटलेट पाइप बिछाई गई है, ताकि सालों भर खेती के लिए किसानों को पानी मुहैया हो सके।
सिंचाई के अभाव में नहीं हो रही थी खेती
गांव के पूर्व मुखिया कान्हू मुर्मू ने बताया कि इस परियोजना के आरंभ होने से किसानों में खुशी की लहर है। पहाड़ी इलाके में पानी की किल्लत के कारण यहां के किसान खेती से वंचित थे। आसमानी बारिश के भरोसे यहां केवल धान की खेती होती थी। 2013-14 में यूसिल ने यह प्रोजेक्ट आरंभ किया था, मगर तकनीकी कारणों से इसे पूरा करने में पांच वर्ष का समय लग गया। कई स्थानों पर पहाड़ों को काटकर खेत तैयार किया गया है। इरिगेशन सिस्टम के आरंभ होते ही शहर से कोसों दूर तालसा की पहाड़ी पर बसे ग्रामीण काफी उत्साहित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब यहां के किसान तो स्वावलंबी होंगे ही, गांव के लोगों को सब्जी भी आसानी से मिल जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप