योगी आदित्यनाथ को भाया झारखंड के खरसावां का खादी पार्क
खरसावां के तर्ज पर कानपुर में भी बड़े आकार में खादी पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।
जमशेदपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले का खादी पार्क भा गया है। उन्होंने खरसावां के तर्ज पर अपने प्रदेश में भी खादी पार्क बनाने की योजना बनाई है। इसे धरातल पर उतारने की कवायद के तहत उत्तर प्रदेश खरसावां पहुंचा और पूरी जानकारी हासिल की।
उत्तर प्रदेश से आए अधिकारियों में कानपुर जोन के डिप्टी सीईओ अभय कुमार त्रिपाठी, गोरखपुर जोन के डिप्टी सीईओ एनपी मोर्चा, प्रबंधक आरके मिश्र, योजना अधिकारी महेंद्र कुमार व सीनियर ऑडिटर मोहम्मद कमर शामिल हैं। अधिकारियों ने रांची, चांडिल, खरसावां खादी बोर्ड, कुचाई व मरांगहातु उत्पादन केंद्र व आमदा स्थित खादी पार्क पहुंच कर वहां हो रहे कार्यों का जायजा लिया।
कानपुर में बनेगा खादी पार्क
कानपुर जोन के डिप्टी सीईओ अभय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि खादी व ग्रामोद्योग के मामले में खारखंड का मॉडल काफी अच्छा है। झारखंड में खादी व ग्रामोद्योग के मामले में काफी अच्छे ढंग से कार्य हो रहे हैं जिसे उप्र में भी लागू किया जाएगा। खरसावां के तर्ज पर कानपुर में भी बड़े आकार में खादी पार्क बनाया जाएगा। इसी को देखने के लिये खरसावां आए है। देवघर में भी खादी व ग्रामोद्योग के कार्य को देखने के लिये जाएंगे।
लखनउ में झारखंड खाेलेगा खादी इंपोरियम
मौके पर मौजूद झारखंड खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि छह दिसंबर को उप्र के लखनऊ में खादी बोर्ड का इंपोरियम खोला जाएगा। झारखंड के खादी कपड़ों की मांग देश-विदेश में काफी अधिक हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इसे और अधिक बढ़ाया जाएगा। ताकि लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।