घाटशिला में ठनका गिरने से दो युवकों की मौत
पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के बड़ाजुड़ी गाव में ठनका गिरने से दो युवकों की मौत हो गई।
जेएनएन,जमशेदपुर/घाटशिला : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के बड़ाजुड़ी गाव में ठनका गिरने से दो युवकों की शुक्रवार दोपहर मौत हो गई। मृतकों में दिलीप भगत 25 वर्ष और सुकुमार कर्मकार 15 वर्ष शामिल हैं। बारिश के दौरान बिजली के गर्जन को देखकर दोनों पुल की नीचे छिपे थे। उनके साथ तीन और भी युवक थे। इसी दौरान ठनका गिर गया और दोनों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर विधायक प्रतिनिधि संजय तिवारी समेत कई भाजपा नेता हॉस्पिटल पहुंचे।
एक माह पूर्व चार की गई थी जान: घाटशिला क्षेत्र में वज्रपात से पिछले महीने महिला समेत चार लोगों की जान चली गई थी। ठनका उस वक्त गिरा जब अधिकाश लोग खेतों में काम कर रहे थे। 20 जुलाई को बहरागोड़ा थाना क्षेत्र की माटिहाना पंचायत के कुंवरदा गाव के खेत में काम कर रही महिला मंजू बेरा की मौत हुई थी जबकि बहरागोड़ा की माटिहाना पंचायत के नाकाटा के भाजपा कार्यकर्ता बनमाली महतो खेत में काम कर घर लौटने के क्रम में ठनका की चपेट में आए थे। उधर, गुड़ाबादा थाना क्षेत्र के कन्यालुका में भुटका टुडू की मौत हो गई थी। भुटका टुडू खेत में भैंस चरा रहे थे। गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के मुड़ाठाकरा निवासी हीरामनी मुर्मू की मौत घर के बाहर खेत में काम करने के दौरान ठनका गिरने से हो गई थी।
कोल्हान में ठनका गिरने की अधिक शिकायतें: कोल्हान में ठनका गिरने के अधिक मामले होते हैं। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में बरसात के दिनों में ठनका गिरने से दर्जन से अधिक लोगों की जान जाती है। पशु भी इसके शिकार होते हैं।