दो ट्रक आमने- सामने भिड़े, दोनों के चालकों की मौत, दो घायल
Accident. पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल इलाके के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो की जान चली गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल होकर मौत से संघर्ष कर रहे हैं।
घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल इलाके के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो की जान चली गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल होकर मौत से संघर्ष कर रहे हैं। हादसा एनएच 33 पर आमदा गांव के समीप हुआ।
आमने -सामने से आ रहे ट्रक की शुक्रवार सुबह टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के अगले हिस्से से परखच्चे उड़ गए। दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर मौत हो गई जबकि दोनों के खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को धालभूमगढ़ सीएससी में प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया गया जबकि दूसरे का इलाज धालभूमगढ़ सीएचसी में चल रहा है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है एनएच 33
एनएच-33 दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात है। इस सड़क पर दुर्घटनाएं रोजमर्रा में शुमार हैं। मौतों का आंकड़ा चिंताजनक हैं। गुरुवार को घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर में एनएच 33 पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पावड़ा गांव निवासी राम हांसदा घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को 108 एंबुलेंस से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर टुडू ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया गया। घायल राम हांसदा आइसीसी कंपनी में पानी टैंकर का गाड़ी चलाता था। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद चिकित्सक ने पावड़ा के मुखिया बैजू सोरेन को सूचना दी।
ट्रेलर की चपेट में आने से तीन घायल
घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के राखा शिव मंदिर के समीप जादूगोड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह के 52 वर्षीय चाचा रामजनम राय एवं उनके साथ जा रहे 32 वर्षीय कृष्णा गुप्ता तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से गुरुवार को घायल हो गए थे। दोनों को घायल अवस्था में जादूगोड़ा यूसीआइएल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर टीएमएच रेफर कर दिया।
श्राद्धकर्म में शामिल होने आए थे
भाजपा नेता विनोद सिंह के पिताजी पारस राय की मृत्यु कुछ दिनों पहले हो गयी थी और उनके श्रद्धकर्म में सभी रिश्तेदार आए हुए थे। इस घटना से परिवार के लोगों के बीच दोहरी मुसीबत खड़ी हो गई। घायल को एंबुलेंस से टीएमएच भेजकर कुछ लोग स्कार्पियो से टीएमएच जा रहे थे तभी स्कार्पियो को जादूगोड़ा चौक के समीप एक दूसरे टेलर ने टक्कर मार दिया। इसके बाद मौके पर उपस्थित कुछ लोगों ने ट्रेलर चालक की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक बिहार के छपरा जिला निवासी धीरेंद्र राय को जादूगोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल की ओर से जादूगोड़ा थाना को सूचना दी गई। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है।