अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
जमशेदपुर पुलिस ने चोरी की एक कार के साथ अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा कसने में पुलिस ने सफलता पाई है। पूर्वी सिंहभूम जिले के मुख्यालय जमशेदपुर के कदमा से चोरी गई सूमो के साथ जुगसलाई गरीब नवाज कॉलोनी निवासी अफजल को हजारीबाग जिले के बरही (जीटी रोड) से पुलिस ने दबोच लिया। उसके सहयोगी जल्ला राजू को जुगसलाई से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों का जुड़ाव अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से है। वे पहले भी जेल जा चुके हैं।
मंगलवार को सिटी एसपी प्रभात कुमार ने पत्रकारों को बताया कि दोनों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे ओडिशा, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और जमशेदपुर से स्कार्पियो और सूमो चुराकर बेचते थे। एसपी ने बताया कि कदमा के रानीकुदर निवासी प्रवीर कुमार चंद्र के घर के सामने से उसकी सूमो की चोरी एक अगस्त की रात दो बजे हो गई थी। चोरी की गई सूमो की बरामदगी को मुख्यालय दो के डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने इस केस पर काम शुरू किया और नतीजा सामने है।
बरही में दबोचा गया अफजल
एसपी ने बताया कि अफजल बरही में चोरी गई सूमो के साथ देखा गया था। उस पर पुलिस निगाह रख रही थी। सूमो सवार अफजल को पुलिस ने जीटी रोड पर दबोच लिया और कदमा थाना लाया गया। उसकी निशानदेही पर जल्ला राजू पकड़ा गया।
गिरोह के मुख्य सहयोगी
एसपी ने बताया कि अफजल के गिरोह में जुगसलाई के मो. मोनू उर्फ शहजादा, बबलू ड्राइवर, सगुआ उर्फ सगीर, अलीम, जल्ला राजू और मो. राज शामिल हैं। अफजल चोरी मामले में जेल जा चुका है।