टिमकेन में एक साथ दो ग्रेड रिवीजन, बोनस 18 फीसद; जानिए
Timken bonus. टिमकेन कर्मचारियों के एक साथ पहली बार दो ग्रेड रिवीजन व लंबित बोनस समझौते पर सहमति बनी। कर्मचारियों का ग्रेड 46 माह से लंबित था। बोनस 2019-20 का भी लंबित था। प्रबंधन-यूनियन के बीच कई दर्जन वार्ता के बाद दोनों मामले पर सहमति बनी।
जमशेदपुर, जासं। टिमकेन कर्मचारियों के एक साथ पहली बार दो ग्रेड रिवीजन व लंबित बोनस समझौते पर सहमति बनी। कर्मचारियों का ग्रेड 46 माह से लंबित था। बोनस 2019-20 का भी लंबित था। प्रबंधन-यूनियन के बीच कई दर्जन वार्ता के बाद दोनों मामले पर सहमति बनी। समझौते को लेकर पत्र तैयार किया गया लेकिन डीएलसी की अनुपस्थिति की वजह से समझौते पत्र पर हस्ताक्षर नहीं हो सका है। बहुत जल्द समझौते पत्र पर भी हस्ताक्षर हो जाएगा।
इधर ग्रेड व बोनस पर बनी सहमति की जानकारी यूनियन पदाधिकारियों ने सोनारी स्थित निर्मल भवन में पत्रकारों का दी। संवाददाता सम्मेलन में यूनियन के अध्यक्ष आस्तिक महतो, डिप्टी प्रेसीडेंट एलपी सिंह, महामंत्री गिरवरधारी, सलाहकार प्रवीण कुमार सिंह, शक्तिपदो महतो, राजकिशोर प्रसाद, स्वपन दत्ता, विश्वजीत, अनंत, श्रीकांत दत्ता आदि मुख्य रूप से मौजूद थे। टिमकेन कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन एक मई 2017 से लंबित है। प्रबंधन और यूनियन के बीच विवाद, यूनियन की गुटबाजी की वजह से ग्रेड लगभग 46 माह से लंबित था जबकि कर्मचारियों को साल 2019-20 का बोनस नहीं मिला है।
तीन-तीन साल के लिए हुआ ग्रेड समझौता
प्रबंधन और यूनियन के बीच तीन-तीन साल 2017- 2020 व 2020- 2023 के लिए ग्रेड रिवीजन समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बनी है। वेतन समझौता 2017-2020 के लिए हुए ग्रेड रिवीजन के बाद कर्मचारियों के वेतन में 6250 रुपये की कुल बढ़ोतरी होगी, जबकि 2020-2023 के लिए हुए समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन में 8200 रुपये की बढ़ोतरी तीन साल में होगी। पहले साल कर्मचारियों के वेतन में 6500 रुपये, दूसरे साल 850 रुपये और तीसरे साल 850 रुपये की बढ़ोतरी होगी। कुल मिलाकर प्रत्येक कर्मचारी के वेतन में औसतन 14450 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
टिमकेन कर्मियों को मिलेगा 18 फीसद बोनस
टिमकेन कर्मचारियों को साल 2019-20 के लिए 18 प्रतिशत बोनस मिलेगा। प्रबंधन और यूनियन के बीच 18 फीसद बोनस देने पर सहमति बनी है। साथ ही 2020-21 के बोनस समझौते का फॉर्मूला भी बनाया गया है। फॉर्मूला के तहतलाभ पर 18 फीसद स्क्रैप पर एक फीसद और कस्टमर कम्प्लेन पर एक फीसद होगा। कर्मचारियों को बोनस के तौर पर अधिकतम 87,488 रुपये और न्यूनतम राशि रू 40,024 रुपये राशि मिलेगी।
ये भी जाने
कोरोना काल मे किया गया वेज रिवीजन व बोनस ऐतिहासिक है। यह समझौता पहले से अच्छा हुआ है। इसका श्रेय कर्मचारियों को जाता है, जिन्होंने धैर्यपूर्वक बेहतर समझौते का इंतजार किया। टिमकेन के इतिहास में पहली बार तीन साल के लिए दो वेज रिवीजन एक साथ हुआ है। इससे कर्मचारियों को काफी लाभ होगा।
-एलपी सिंह, डिप्टी प्रेसीडेंट, टिमकेन वर्कर्स यूनियन