केसीसी ऋण घोटाले में बैंक ऑफ इंडिया के दो कर्मचारी गिरफ्तार Jamshedpur News
बैंक ऑफ इंडिया के कालिकापुर शाखा के असीम बनर्जी व चंद्रशेखर विश्वास छह साल से फरार चल रहे थे। दोनों बैैंककर्मी मानगो के रहने वाले हैं। 2013 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
पोटका, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड क्षेत्र के कालिकापुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में हुए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण घोटाले के दो आरोपित बैंककर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पोटका थाना प्रभारी अशोक राम के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने जमशेदपुर के मानगो इलाके में छापेमारी कर असीम बनर्जी व चंद्रशेखर विश्वास को बुधवार रात गिरफ्तार किया। दोनों को जेल भेजा गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि 2013 में बैक ऑफ इंडिया की कालिकापुर शाखा में एक ही व्यक्ति के कई नामों से केसीसी लोन स्वीकृत कर बैंककर्मियों द्वारा राशि की बंदरबांट करने का मामला सामने आया था। जब इसकी जांच हुई तो बड़ा घोटाला सामने आया। इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक रविकांत चौधरी के बयान पर पोटका थाने में बैंक कर्मचारी असीम बनर्जी व चंद्रशेखर विश्वास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। छह वर्षों से दोनों आरोपित फरार चल रहे थे। बुधवार रात पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में एएसआइ अभय शर्मा, विरेंद्र सिंह सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।