विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौका के तुलग्राम में खौफनाक वारदात: 84 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या, गांव में छाया सन्नाटा

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:16 PM (IST)

सरायकेला-खरसावां जिले के तुलग्राम गांव में 84 वर्षीय आनंद सिंह सरदार की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई, जिससे पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा है।

हत्‍या के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलग्राम गांव में पसरा सन्‍नाटा।

हत्‍या के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलग्राम गांव में पसरा सन्‍नाटा।

HighLights

  1. तुलग्राम में 84 वर्षीय आनंद सिंह सरदार की धारदार हथियार से हत्या।

  2. संदिग्ध आरोपी मधु सिंह सरदार को पुलिस ने हिरासत में लिया।

  3. पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलग्राम गांव में बुधवार सुबह 84 वर्षीय वृद्ध आनंद सिंह सरदार (उर्फ आनंद सरदार) की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। 
 
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलने के तुरंत बाद हरकत में आई चौका थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी मधु सिंह सरदार नामक युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। 
 
मिली जानकारी के अनुसार, तुलग्राम निवासी स्वर्गीय शंकर सरदार के पुत्र आनंद सिंह सरदार घर में अकेले रहते थे और उनका देखभाल करने वाला कोई प्रत्यक्ष परिजन नहीं था। 
 
बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे पड़ोस में रहने वाली उनकी एक रिश्तेदार महिला रोजाना की तरह उन्हें खाना देने उनके घर पहुंची। घर के भीतर प्रवेश करते ही उसने आनंद सिंह सरदार को खटिया पर लहूलुहान अवस्था में मृत पाया। 
 
यह खौफनाक मंजर देखकर महिला दंग रह गई और उसने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर चौका थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। 
 
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पंचनामा कर कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
 
प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी मधु सिंह सरदार मृतक के किसी रिश्तेदार से लंबे समय से किसी बात को लेकर अत्यधिक नाराज चल रहा था। 
 
आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश और अंधी नाराजगी के कारण उसने अकेला पाकर वृद्ध आनंद सिंह सरदार पर धारदार हथियार से घातक वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों, प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और घटना में युवक की पूर्ण संलिप्तता को लेकर पुलिस की तफ्तीश जारी है।