घाटशिला में शान से लहराया तिरंगा
घाटशिला प्रखंड के शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। शनिवार को पूरे क्षेत्र में शान से तिरंगा लहराया। सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में संस्थान प्रमुख ने झंडारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया..
घाटशिला (संस)। घाटशिला प्रखंड के शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। शनिवार को पूरे क्षेत्र में शान से तिरंगा लहराया। सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में संस्थान प्रमुख ने झंडारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। व्यवहार न्यायालय में एडीजे-1 मुकलेश चंद्र नारायण ने व अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अमर कुमार ने, एसडीपीओ कार्यालय में एसडीपीओ आरके मेहता, मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मंच मैदान में आइसीसी कंपनी के यूनिट हेड संजय सिंह, बैंक ऑफ इंडिया गोपालपुर शाखा में शाखा प्रबंधक रविकांत चौधरी, किरण एक्वा कंपनी में विरेंद्र प्रसाद, घाटशिला थाना में थाना प्रभारी रजीव रंजन कुमार व ग्रामीण क्षेत्र में घाटशिला की जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने जी कंपनी व सैप-2 वाहिनी के काड़ाडूबा कैंप में झंडारोहण की। गोपालपुर शहीद दिलीप बेसरा की प्रतिमा स्थल पर शहीद के पिता सिगराय बेसरा ने झंडारोहण किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने शहीद के माता-पिता को सम्मानित किया। शौर्य चक्र से सम्मानित मो. जावेद ने शहीद की माता फूलमनी बेसरा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। आइसीसी कंपनी के पदाधिकारी व प्रशासनिक पदाधिकारियों ने महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
सादगी के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस : जादूगोड़ा में सादगी के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। धर्मडीह स्थित शेफर्ड स्कूल में शिक्षकों ने झंडारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। स्कूल के संस्थापक मुद्रिका शर्मा ने कहा कि हम इस वर्ष यह संकल्प लेकर स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं कि जल्द से जल्द कोरोना जैसी महामारी से देश को मुक्ति मिलेष। इस अवसर पर लद्दाख में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। गांधी मार्केट में गोलू सिंह ने झंडारोहण के बाद कई पौधे लगवाए। अन्य स्थानों पर लोगों ने शारीरिक दूरी व मास्क लगाकर झंडारोहण किया।
चाकुलिया में शान से लहराया तिरंगा : प्रखंड क्षेत्र में 74वां स्वतंत्रता दिवस लॉकडाउन के नियमों का पालन कर मनाया गया। विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों समेत विद्यालयों, पार्टी कार्यालयों व चौक चौराहों पर झंडारोहण किया गया। विधायक कार्यालय में विधायक समीर महंती ने झंडारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। प्रखंड कार्यालय में प्रमुख सुमन मुर्मू, नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष संध्या रानी सरदार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में सहायक अभियंता सुनील दत्त मिश्रा, विद्युत कार्यालय में सहायक अभियंता शिवनंदन महतो, थाना परिसर में थाना प्रभारी अनिल नायक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू, प्रखंड संसाधन केंद्र में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उदय प्रताप चौधरी, वन विभाग में रेंजर अशोक सिंह, वनरोपण में रेंजर एएन तिवारी ने झंडारोहण किया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने तिरंगे को सशस्त्र सलामी दी।
प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख ने किया झंडारोहण : प्रखंड के विभिन्न संस्थानों में शारीरिक दूरी का पालन कर 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख शास्त्री हेंब्रम ने झंडारोहण किया। बहरागोड़ा थाना में थाना प्रभारी चंद्र शेखर कुमार ने झंडारोहण किया। मौके पर बीडीओ राजेश कुमार साहु, सीओ हीरा कुमार, उप प्रमुख रूमा रानी दुबे, प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिवानंद घटवारी, सीआइ हराधन मदीना, कनीय अभियंता संजीव बेरा, अभिजीत बेरा, अनुपम साव आदि मौजूद थे।
धालभूमगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस : प्रखंड में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में झंडारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। कोरोना संक्रमण को कहीं किसी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया। प्रखंड कार्यालय के निर्देशानुसार सभी जगहों पर नौ बजे झंडारोहण किया गया, जिसके कारण भीड़ कम रही। सभी संस्थानों में संस्थान प्रमुख ने झंडारोहण किया।