यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीएम नहीं पहुंचे बहरागोड़ा...शहीद गणेश हांसदा के परिजन हुए नाराज, मंत्री और पांच विधायक को करना पड़ा चार घंटा इंतजार
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के नहीं आने के कारण गलवान शहीद की प्रतिमा अनावरण समारोह में विवाद हो गया। ...और पढ़ें

जागरण टीम, बहरागोड़ा: गलवान शहीद गणेश हांसदा के प्रतिमा अनावरण में सीएम हेमंत सोरेन बहरागोड़ा नहीं पहुंचे। इस कारण शहीद के परिवार के साथ सरकार की वादाखिलाफी को लेकर गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिला के बहरागोड़ा में आयोजित गलवान शहीद के प्रतिमा अनावरण समारोह में विवाद हो गया। आलम यह रहा कि परिवहन व कल्याण मंत्री चंपई सोरेन समेत 5 विधायकों को प्रतिमा अनावरण को ले करीब 4 घंटे इंतजार करना पड़ा।
काफी मान मनौव्वल के बाद गलवान घाटी के वीर बलिदानी गणेश हांसदा के पिता व भाई प्रतिमा अनावरण के लिए तैयार हुए। अपराहन करीब 4:30 बजे एनएच किनारे बांसदा चौक पर स्थापित शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। मौके पर चंपई सोरेन ने कहा कि देश की सीमा पर शहीद गणेश हांसदा समेत सभी वीर शहीदों को हम नमन करते हैं। हेमंत सोरेन सरकार ने हमेशा देश के शहीदों तथा झारखंड आंदोलन के शहीदों को सम्मान देने का काम किया है। शहीद गणेश हांसदा के परिजनों को भी सरकार ने 10 लाख मुआवजा तथा 5 एकड़ जमीन दिया है। बड़े भाई दिनेश हांसदा को नौकरी देने में कुछ नीतिगत अड़चन है, जिन्हें सरकार दूर करने के प्रयास में जुटी है। पेट्रोल पंप के लिए भी केंद्र सरकार से पत्राचार किया जा रहा है। आवास हेतु जमीन देने तथा शहीद के गांव को आदर्श गांव बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर महंती, पोटका विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जमशेदपुर डीसी विजया जाधव, एसएसपी एम तमिलवणन, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, डॉ संजय गिरी समेत पुलिस प्रशासन के तमाम अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
----
मुख्यमंत्री के नहीं आने से नाराज थे परिजन
मूर्ति अनावरण स्थल पर मंत्री चंपई सोरेन व विधायकों ने बलिदानी को सलामी के उपरांत 2 मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रतिमा अनावरण के लिए बलिदानी गणेश हांसदा के माता-पिता व बड़े भाई का इंतजार होने लगा। काफी देर तक देखने के बाद भी बलिदानी के माता-पिता व बड़े भाई मूर्ति अनावरण स्थल पर नहीं पहुंचे। उनके लिए घर गाड़ी भेजवाई गई। उपायुक्त ने बलिदानी के बड़े भाई दिनेश हांसदा से फोन पर बात की।
