टाटा स्टील के ट्रांसपोर्ट वेंडर के खिलाफ आंदोलन करेंगे ट्रेलर मालिक
लोकल ट्रेलर आनर की स्थिति दयनीय हो गई। जमशेदपुर में दूसरे राज्यों के ट्रेलर मालिक मालामाल हो रहे हैं।
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकल ट्रेलर आनर यूनियन की बैठक बुधवार को साकची स्थित यूनियन कार्यालय में हुई, जिसमें टाटा स्टील के ट्रांसपोर्ट वेंडर के खिलाफ आंदोलन पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूनियन के संरक्षक डा. पवन पांडेय ने कहा कि कोरोना काल में गड़बड़ अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर आने की कोशिश कर रही है। इसमें आर्थिक रूप से संपन्न वर्ग को मानवता दिखाते हुए कमजोर वर्ग को सहारा देना चाहिए, ना कि उनके लिए परेशानी खड़ी करनी चाहिए। बिल्कुल ऐसा ही काम टाटा स्टील के लोकल शिफ्टिग मे काम करने वाले ट्रांसपोर्ट वेंडर द्वारा जमशेदपुर के लोकल ट्रेलर मालिकों के साथ किया जा रहा है। उन्हें ढुलाई के लिए माल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जबकि वेंडरों के साथ यह लिखित समझौता है कि वे 50 फीसद माल स्थानीय ट्रेलर मालिकों को देंगे। माल नहीं मिलने के कारण आज लोकल ट्रेलर आनर की स्थिति दयनीय हो गई। जमशेदपुर में दूसरे राज्यों के ट्रेलर मालिक मालामाल हो रहे हैं। कंपनी प्रबंधन भी तमाशबीन बना हुआ है। कंपनी प्रबंधन की चुप्पी और वेंडरों की मनमानी बड़े आंदोलन को विवश कर रही है। हमने अपनी समस्या पत्र के माध्यम से सभी वेंडरों और टाटा स्टील के संबंधित अधिकारियों को बता दिया है।यदि वेंडर अपने लिखित वादों को पूरा नहीं करते हैं तो दुर्गापूजा के बाद यूनियन चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत करेगी। इस बैठक में मनोज सिंह, आर चंद्रशेखर, मनीष जग्गी, राजेश पाठक, जोगिदर पाल सिंह, एस गांधी, किशोर शर्मा, चितरंजन सिंह आदि शामिल थे।