Top Jamshedpur News of the day, 06th April 2020, युवक क्वारंटाइन, ऑक्सीजन सिलेंडर, शव बरामद, टाटा स्टील
अमृतसर से कटक के लिए पैदल निकले युवक को जमशेदपुर में पकड़ा गया है। आकस्मिक स्थिति के लिए पांच हजार ऑक्सीजन सिलेंडर रिजर्व रखने की व्यवस्था की गई है।
जमशेदपुर (जेएनएन)। लॉकडाउन में अपने घर कटक जाने के लिए अमृतसर से पैदल निकले युवक को जमशेदपुर में पकड़कर क्वारंटाइन किया गया। कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए जा रहे इंतजाम के तहत पांच हजार ऑक्सीजन सिलेंडर रिजर्व में रखने की व्यवस्था की जा रही है। जमशेदपुर के गोविंदपुर में बिहार के मुंगेर जिले के युवक का शव बरामद किया गया है। लॉकडाउन के दौरान नागरिक सुविधाओं का विस्तार करते हुए टाटा स्टील ने घर-घर हरी सब्जी पहुंचाने की नई व्यवस्था शुरू कर दी है।
अमृतसर से कटक के लिए पैदल निकला था युवक, जमशेदपुर के दोमुहानी में पकड़ाया
कोरोना को लेकर 25 मार्च से लागू देशव्यापी लॉकडाउन से पहले ही कटक का एक युवक अमृतसर से अपने घर जाने के लिए निकल गया था। 15 दिन पैदल सफर करने के बाद वह जमशेदपुर तो पहुंच गया लेकिन यहां सोनारी दोमुहानी के समीप पूछताछ के बाद पूरी जानकारी मिलने के बाद उसे क्वारंटाइन कर दिया गया। युवक ने बताया कि पैदल सफर के दौरान बीच-बीच में उसने राशन, फल व सब्जी वाली ट्रकों से लिफ्ट भी लिया, लेकिन उसे जमशेदपुर पहुंचने में 15 दिन लग गए। सोमवार को दोपहर सोनारी स्थित दोमुहानी पुल से गुजर रहा था कि वहां तैनात पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। यहां तैनात कर्मचारियों ने उसकी थर्मल स्कैनिंग की। उसके शरीर का तापमान संतुलित निकला। इसके बावजूद नाम-पता दर्ज करके हाथ पर मुहर लगाकर सरकारी क्वारंटाइन में रखा गया है।
कोरोना से लड़ने लिए पांच हजार ऑक्सीजन सिलेंडर रखे जाएंगे रिजर्व
झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या से हड़कंप है। इसको लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले में युद्ध स्तर पर तैयारी चल रही है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ऑक्सीजन व वेंटिलेटर की आवश्कयता अधिक पड़ सकती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए जिले में पांच हजार ऑक्सीजन सिलेंडर रिजर्व करने की कवायद शुरू कर दी गई है। पूर्वी सिंहभूम सहित अन्य जिलों में भी इस तरह की व्यवस्था करने का निर्देश स्वास्थ्य सचिव ने दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अगर उन्हें ऑक्सीजन आपूर्ति से संबंधित किसी तरह की कठिनाई हो रही है तो अखिल भारतीय औद्योगिक गैस निर्माता संघ के नियंत्रण कक्ष के आपातकालीन नंबरों पर संपर्क कर समस्या का समाधान कर ऑक्सीजन की व्यवस्था कर सकते हैं।
गोविंदपुर में बिहार के मुंगेर जिले के युवक का शव मिला
जमशेदपुर के गोबिंदपुर थाना की पुलिस ने एक युवक का शव सरेंगबेड़ा गांव में एक पेड़ के नीचे से बरामद किया है। मृतक की जेब से मिले मोबाइल से उसकी पहचान बिहार के मुंगेर जिले के निवासी संतोष सिंह के रूप में की गई है। संतोष गोबिंदपुर के शुक्ला भवन में चार अन्य साथियों के साथ रहता था। वह गोबिंदपुर की एक फैक्टरी में मजदूर के रूप में काम करता था। ह्रदय रोग से पीड़ित भी था। बताया जाता है कि दोहपर खाना खाने के बाद निकला था। उसकी जेब से भी दवा बरामद की गई। जिस जगह से शव बरामद किया गया है, वहां से कुछ दूरी पर एक शराब दुकान भी है। थाना प्रभारी भुवन मणि पाठक के अनुसार संतोष सिंह की मौत हार्ट अटैक से ही हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
टाटा स्टील ने शुरू कर दी सब्जियों की होम डिलीवरी
टाटा स्टील ने शहरवासियों को जेमेटो के माध्यम से हरी सब्जियों की होम डिलीवरी शुरू कर दी है। इसके लिए लोगों को जेमेटो के एप में जाकर फार्म फ्रॉम होम से अपना आर्डर प्लेस करना पड़ रहा है। इसके बाद जेमेटो के डिलीवरी ब्वॉय घरों तक सब्जियां पहुंचाने लगे हैं। पहले दिन रविवार को दो दर्जन से अधिक घरों को सब्जियों की होम डिलीवरी की गई। इस कार्य के लिए टाटा स्टील से 150 से ज्यादा किसान जुड़ चुके हैं जो हर दिन 1500 किलोग्राम सब्जियां उपलब्ध करा रहे हैं। जेमेटो एप में 11 सब्जियों की कीमत प्रति किलोग्राम के हिसाब से दी गई है। इसे देखकर लोग आर्डर कर रहे हैं। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य लोगों को ताजी और शुद्धता के साथ सब्जियां उपलब्ध कराना है। डिलिवरी से पहले सब्जियों को पोटाशियम परमैगनेट कैमिकल से सेनिटाइज किया जा रहा है।