Top Jamshedpur News of the day, 20th November 2019, बैंड पार्टी, बाइक सवार, सुखराम का नामांकन, जनजातीय युवतियां
तेज गति से अनियंत्रित कार की चपेट में आने से बैंड पार्टी के दो सदस्यों की मौत हो गई। टाटा-कांड्रा मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की जान चली गई।
जमशेदपुर (जेएनएन)। साकची रामलीला मैदान के समीप सुबह अनियंत्रित कार की चपेट में आने से बैंड पार्टी के दो सदस्यों की मौत हो गई। टाटा - कांड्रा मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। एक दिन पूर्व होल्ड पर रखे गए चक्रधरपुर विस सीट से प्रत्याशी सुखराम उरांव का नामांकन मंजूर कर लिया गया है। रैंप पर उतरी जनजातीय बालाओं ने अपनी बदाओं से अलग ही छाप छोड़ी।
कार ने बैंड पार्टी को रौंदा, दो की मौके पर गई जान
जमशेदपुर में बुधवार को सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां बैंड पार्टी के सदस्यों को अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। बैंड पार्टी के दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कार चालक अपने वाहन सहित फरार हो गया। यह हादसा साकची स्थित रामलीला मैदान के पास मारूति शो रूम के सामने हुआ। बताते हैं कि कार इतनी तेज गति से लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई कि बैंड पार्टी के सदस्यों को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर चीखपुकार बच गई। वहीं हादसे के बाद चालक कार को भगा ले गया। चीख-पुकार के बीच दो की सांस टूट चुकी थी जबकि तीसरा गंभीर हालत में तड़प रहा था। बताया गया है कि मृतक और घायल बिहार के समस्तीपुर जिले के बथुआ गांव के थे। दोनों काशीडीह के कुम्हार पाड़ा में किराए के मकान में रहते थे।
टाटा-कांड्रा रोड पर ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला, लोगों ने किया रोड जाम
टाटा -कांड्रा मार्ग पर बुधवार को एक और सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। युवक जमशेदपुर से कांड्रा की ओर जा रहा था। दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रोड जाम कर दिया। यह हादसा टाटा-कांड्रा मार्ग पर गम्हरिया में केडिया पेट्रोल पंप के समीप हुआ। तेज गति से आ रहे टेलर की चपेट में बाइक आ गई। बाइक पलटने के बाद उसका चालक ट्रेलर के नीचे आकर कुचल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक जमशेदपुर का राजा रौशन था। हादसे और रोड जाम की सूचना पर आदित्यपुर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। सर्विस रोड अतिक्रमित होने के कारण इस मार्ग पर हादसे होते हैं और लोगों की जान जाती है।
सुखराम का नामांकन मंजूर
चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के प्रत्याशी सुखराम उरांव का नामांकन मंजूर कर लिया गया है। मंगलवार को उनका नामांकन होल्ड पर रख बुधवार को 11 बजे तक जरूरी कागजात उपब्ध कराने को कहा गया था। बुधवार को निर्धारित समय ग्यारह बजे के पूर्व सुखराम उरांव अपने वकील के साथ निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडलाधिकारी प्रदीप प्रसाद के कार्यालय पहुंचे। घंटे भर तक मीडिया की गैर मौजूदगी में उन्होंने अपनी बात रखी। बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा कि मांगी गई जानकारी दे दी गई है। आधा घंटा उन्हें इंतजार करने को कहा गया है। कुछ देर बाद यह खबर आई कि नामांकन मंजूर कर लिया गया है और कल उन्हें सिंबल मिलेगा।
रैंप पर उतरीं जनजातीय युवतियां, यादें छोड़ गया संवाद का आयोजन
जनजातीय सम्मेलन संवाद की अंतिम शाम गोपाल मैदान में यादगार रही जब रैंप पर 28 राज्यों के आदिवासी जनजातियों के प्रतिनिधि अपने पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्र और हथियारों के साथ रैंप पर कैटवॉक किया। यह आदिवासी समुदायों के लिए भी पहला मौका था जब वे रैंप पर उतरीं। इस कड़ी में सबसे पहले उतरे झारखंड के हो जनजाति के सदस्य। मीरा हेम्ब्रम में गर्भवती महिला का प्रसव संस्थागत केंद्र में कराने, बच्चों को कस्तूरबा गांधी में पढ़ाने और अपने मताधिकार का उपयोग करने का संदेश दिया। वहीं, झारखंड के तमूलिया जनजाति की पिंकी शांडिल ने अभिभावकों से अपनी लड़कियों को बेहतर शिक्षा देने का आग्रह किया। वहीं, इस कड़ी मे झारखंड से उरांव जाति से किरण खालको रैंप पर उतरी। इसके अलावा ओडिशा से शांति मुर्मू, दक्षिणी गुजरात की धोदिया समुदाय से मीता पटेल, गुजरात के भील संप्रदाय से उषा बेन ने रैंप पर उतरी।