अटकलों को विराम दे सरयू राय ने खोला अपना चुनाव कार्यालय Jamshedpur News
सरयू ने सोमवार को साकची स्थित क्रिस्टल कावेरी अपार्टमेंट में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन भी कर दिया।
जमशेदपुर (जासं)। झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री व जमशेदपुर पश्चिम के भाजपा विधायक सरयू राय ने उन अटकलों को विराम दे दिया, जिसमें इस बार उनका टिकट कटने की बात कही जा रही थी। सरयू ने सोमवार को साकची स्थित क्रिस्टल कावेरी अपार्टमेंट में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन भी कर दिया। फिलहाल इसे जनसंपर्क कार्यालय का नाम दिया गया है, जहां से जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के चुनाव संबंधी कार्य होंगे।
विपक्ष द्वारा टिकट कटने की बात पर सरयू ने कहा कि विपक्षी जनता को गुमराह करने के लिए इस तरह की बातें करते हैं, लेकिन जनता बहुत समझदार है। वह समझती है कि सही क्या है गलत क्या है। चुनाव कार्यालय का उद्घाटन महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार और भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव समेत कई भाजपाई मौजूद थे।
ज्ञात हो कि जुबिली पार्क के पास साकची स्थित इसी कार्यालय में सरयू राय ने 2014 के विधानसभा चुनाव और पिछले लोकसभा चुनाव में सांसद विद्युत वरण महतो का चुनाव कार्यालय खुला था। दोनों चुनाव में भाजपा को बेहतर जीत हासिल हुई थी। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता इस कार्यालय को भाग्यशाली भी बता रहे हैं।