घाटशिला में ठनका गिरने बालक समेत दो की मौत
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के बड़ाजुड़ी गांव मे
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के बड़ाजुड़ी गांव में शुक्रवार को ठनका गिरने से एक व्यक्ति और एक बच्चे की मौत हो गई। एक ही गांव में एकसाथ दो शव पहुंचते ही पूरा गांव गमगीन हो उठा। मृतकों में 28 वर्षीय राजमिस्त्री दिलीप भकत और 15 वर्षीय सुकुमार कर्मकार शामिल हैं। दोनों तालाब में नहाकर घर लौट रहे थे। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई। बचने के लिए पुलिया के नीचे जाकर छुप गए। तभी ठनका की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर मौजूद तीन अन्य ग्रामीण जख्मी हो गए। दिलीप भकत व सुकुमार कर्मकार को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लाया गया। डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सिपुर्द कर दिया गया। घाटशिला थाना के एसआइ रमेश महतो ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घाटशिला अंचल पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद भी सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे। दिलीप भकत शादीशुदा था। दो छोटे बच्चे हैं। विधायक प्रतिनिधि संजय तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर दुख की घड़ी में साथ रहने का भरोसा दिया। जिला परिषद सदस्य देव्यानी मुर्मू, प्रमुख हीरामणि मुर्मू, पूर्व उपप्रमुख जगदीश भकत, बड़ाजुड़ी के मुखिया किरीटी ¨सह, पंसस नवीन साव, रतिकांत भकत, अप्पू मंडल, मुकेश भकत पीड़ित परिवार से मिलने अस्पताल पहुंचे। देर शाम विधायक लक्ष्मण टुडू भी मृतक के घर पहुंचे। उधर, गांव में एक ही दिन दो लोगों की दर्दनाक मौत के बाद चहुंओर मातम छाया हुआ है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां फीकी पड़ गई हैं। हर घर गमगीन नजर आ रहा है। मृतकों के परिजन का बुरा हाल है। शनिवार को शवों का दाह संस्कार होगा।