Coronavirus Jharkhand News : झारखंड के कोल्हान में कोरोना तेजी से पसार रहा पांंव,एक ही दिन मिले 7 पॉजिटिव;संख्या पहुंची 34
Coronavirus Jharkhand News.झारखंड के कोल्हान में कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। यहां एक ही दिन में बारी-बारी से सात कोरोना पॉजिटिव मिले।
जमशेदपुर, जेएनएन। Coronavirus Jharkhand News झारखंड के कोल्हान में कोरोना तेजी से पांव पसार है। यहां एक ही दिन में बारी-बारी से सात कोरोना पॉजिटिव मिले। रविवार को पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में चार जबकि पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। इसी के साथ कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 34 हो गई है। पूर्वी सिंहभूम में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 23 जबकि पश्चिमी सिंहभूम में सात हो गई है। सरायकेला-खरसावां में कोरोना पॉजिटिव की संख्या चार है।
रविवार को पश्चिमी सिंहभूम में तीन और कोरोना संक्रमित मरीज मिले। तीनों चक्रधरपुर के सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में थे। ये तीनों मुंबई से लौटे थे। तीनों के रक्त का नमूना जांच के लिए भेजा गया था। रविवार शाम तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद प्रशासन ने तीनों को आनन-फानन में चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती करा दिया। कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम में अबतक 23 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पूर्वी सिंहभू में रविवार को चार कोरोना पॉजिटिव मिले है। इनमें तीन बारीडीह जबकि एक सिदगोड़ा के हैं। इसके बाद इलाके को सील कर दिया गया है। लोगों को घर से निकलने की मनाही है।
कोरोना पॉजिटिव पाए गए सरकारी क्वॉरंटाइन सेंटर में किए गए थे आइसोलेट
चक्रधरपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए तीनों मरीजों को डेडिकेटेड कोविड-19 चक्रधरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की ट्रैवल हिस्ट्री है। विगत कुछ दिनों पूर्व ही तीनों व्यक्ति दूसरे राज्यों से लौटे थे। उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि डॉक्टरों के साथ चर्चा की गई है और उनके द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि तीनों मरीजों में बुखार, खांसी या कोविड-19 के अन्य सिम्टम्स नहीं हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिस दिन उक्त व्यक्ति जिला में आए थे उसी दिन से तीनों को सरकारी क्वॉरंटाइन केंद्र में रखा गया है। सरकार की नीति के अनुसार जो भी व्यक्ति रेड जोन के रूप में चिन्हित देशभर के 24 जिलों से आते हैं उन्हें स्टेट क्वॉरंटाइन में रखा जाना है। उनको कोविड-19 का टेस्ट कराना है। इसी के तहत तीनों का टेस्ट कराया गया था। टेस्ट में इन तीनों व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कांटेक्ट ट्रेसिंग को टीम का गठन
उपायुक्त ने बताया कि ये तीनों एक साथ नहीं आए थे। अलग-अलग समय में यहां आए हैं। तीनों का ट्रेवल हिस्ट्री प्राप्त है। इस संबंध में जांच समिति भी बनाई गई है। जांच समिति हाई रिस्क और लो रिस्क कांटेक्ट को ट्रेस करने में जुटी हुई है। जिस परिसर में उक्त व्यक्ति रह रहे हैं वहां पर भी डिसइनफेक्ट और सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि उक्त व्यक्तियों के साथ सीधे संपर्क में आने वाले जो भी व्यक्ति हाई रिस्क श्रेणी में है उन्हें भी आइसोलेट किया जाएगा।
अन्य कंटेनमेंट जोन की आवश्यकता प्रथम दृष्टया प्रतीत नहीं होती
उपायुक्त ने कहा कि जांच में प्रथम दृष्टया जो सूचना उपलब्ध है उसके अनुसार जो भी मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं वे इस जिला में आने के उपरांत प्रथम दिन से ही स्टेट क्वॉरंटाइन केंद्र में हैं। अन्य कंटेनमेंट जोन की आवश्यकता प्रथम दृष्टया प्रतीत नहीं होती है।
उपायुक्त की जिला वासियों से अपील
उपायुक्त ने कहा कि किसी को घबराने की बात नहीं है। जिन व्यक्तियों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उन्हें जिले में आगमन के साथ प्रथम दिन से ही सरकारी क्वॉरंटाइन केंद्र में रखा गया है। क्वॉरंटाइन केंद्र के बाहर वे नहीं निकले हैं। उपायुक्त ने कहा कि मैं सभी जिला वासियों से अपील करूंगा कि जिले में अभी लगातार कोरोना संक्रमण के पॉजिटिव मामले आ रहे हैं। लोग लॉकडाउन के नियमों का अनुपालन करें। विशेषकर रात्रि कर्फ्यू को समर्थन करें। रात्रि 7 बजे से सुबह 7 बजे तक अपने घरों से बाहर ना निकलें। मास्क पहन कर ही अपने कार्यस्थल या अत्यावश्यक कार्य के लिए बाहर निकलें। शरीरिक दूरी बनाए रखने की आदत बना लें ताकि कोरोना के संक्रमण से आप बच सकें।