एचएच 18 पर ट्रक और ट्रेलर की जबर्दस्त टक्कर, तीन की हालत गंभीर Jamshedpur News
पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर से कोई 55 किलोमीटर दूर एनएच 18 पर सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें एक की हालत बेहद गंभीर है।
घाटशिला (पूर्वी सिंहभूम), जेएनएन। पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर से कोई 55 किलोमीटर दूर एनएच 18 पर सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें एक की हालत बेहद गंभीर है। स्थिति को देखते हुए तीनों घायलों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।
हादसा धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जोड़शोल गांव के समीप हुआ। यहां ट्रक और टेलर की सीधी भिड़ंत हो गई। भिड़त में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल चालक और खलासी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को धालभूमगढ़ सीएचसी लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए एमजीएम रेफर कर दिया गया।
दो घंटे से अधिक जाम
सड़क दुर्घटना के कारण एनएच 18 के दोनों छोर पर लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। जाम हटाने के लिए पुलिस लगी रही। बड़ी मशक्कत के बाद जाम हटा और यातायात सुचारू हो सका।
बाइक और वैन की टक्कर में दो घायल
एनएच 18 पर शनिवार की दोपहर लगभग दो बजे वैन और बाइक की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया था। दोनों के सिर और मुंह में गंभीर चोट लगी थी। समाजसेवी समीर मन्ना ने दोनों को आटो से सीएचसी पहुंचाने में मदद की। सीएचसी में डा. सुरई मार्डी ने प्राथमिक उपचार किया। गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के नूतनडीह टोला निवासी हरिपद मुंडा 62 अपने साले अमल सिंह के साथ बेटी की शादी को लेकर बहरागोड़ा बाजार करने आ रहे थे। उसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रही वैन से टक्कर होने से घायल हो गए।