ट्रक खड़ा कर बैठा था चालक, मोबाइल लूटकर भाग गया बदमाश
पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के सोनारी थाना की पुलिस ने मोबाइल छिनतई गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
जमशेदपुर(जेएनएन)। ट्रक खड़ा कर चालक सड़क किनारे बैठा था। इस बीच कई बदमाश पहुंचे और मोबाइल लूटकर चलते बने। चालक की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाया और लूट में शामिल तीनों बदमाश पकड़े गए। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के सोनारी थाना की पुलिस ने मोबाइल छिनतई गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार बदमाशों में दाईगुट्टू मानगो निवासी सोनू जायसवाल उर्फ कृष्णा, बारीनगर टेल्को निवासी एकबाल अली उर्फ बिल्लू तथा आजादनगर मानगो निवासी सलमान अली उर्फ अरबाज अली शामिल हैं।
डीएसपी (मुख्यालय टू) अरविंद कुमार ने बताया कि 15 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे बिहार निवासी रूपनारायण यादव ने थाने में मोबाइल लूट का एक मामला दर्ज कराया था। रूपनारायण यादव ने पुलिस को बताया था कि 15 अक्टूबर की संध्या छह बजे वह ट्रक को दोमुहानी के पास खड़ा कर बैठा था। इसी बीच एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश आए और चाकू का भय दिखाकर मोबाइल लूट लिया।
भागने के क्रम में एक आरोपित सोनू जायसवाल को पकड़ लिया गया। इसके बाद एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने रात भर में सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपितों ने मानगो थाना क्षेत्र में भी 15 अक्टूबर को लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।